राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इरोज सम्पूर्णम सोसायटी के लोगों ने रविवार को बिल्डर मेसर्स अजय इंटरप्राइजेज के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इनका कहना है कि बिल्डिंग की हालत जर्जर हो रही है। बेसमेंट में सात साल से लगातार पानी रिस रहा है। एग्जॉस्ट डक्ट सड़-गल चुके हैं। लिफ्ट की स्थिति दयनीय है। सोसाइटी की बाहरी दीवारें और उस पर हुई पेंटिंग बदहाल है। इसके अलावा और भी कई समस्याएं हैं, जिससे सोसाइटी के निवासी जूझ रहे हैं।
एओए अध्यक्ष दीपांकर कुमार ने बताया कि बिल्डर के जीएम कमर्शियल दीपक गुप्ता लापरवाही की सारी सीमाएं लांघ गए हैं। गुप्ता ने एओए के साथ 27 सूत्रीय कार्यप्रणाली पर हस्ताक्षर किए थे। लेकिन 18 महीने बाद भी उसे बिल्डर द्वारा पूरे नहीं किए गए। अजय इंटरप्राइजेज और एओए के जॉइंट समिति के द्वारा नए मेंटेनेंस एजेंसी के चयन के लिए टेंडर वर्ष 2023 में किया गया था और टेंडर के हिसाब से अभी वसूले जा रहे मेंटेनेंस चार्जेज से भी कम मेंटेनेंस चार्जेज पर नयी मेंटेनेंस एजेंसी शॉर्टलिस्ट हुई है।
एओए अध्यक्ष दीपांकर कुमार के अनुसार, इसी वर्ष 29 जुलाई को नोटिस दिया गया था, लेकिन आज तक मेसर्स अजय इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर के द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया है। दीपांकर का कहना है कि इरोज ग्रुप केवल फ्लैट मालिकों का शोषण करना जानता है। सोसायटी के मेंटेनेंस मैनेजर बबीश कुमार ने बताया कि एओए अधिकारियों को इरोज़ ग्रुप के संबंधित अधिकारियों से फिर से बातचीत शुरू करनी चाहिए। उसके बाद निश्चित ही समस्याओं का निपटारा हो सकता है।
प्रदर्शन में भागीरथ, दुर्गेश खंडेलवाल, बीरेंद्र सिंह चौहान, जगजीवन राम, पंकज झा, प्रेम पटेल, रितेश सिंह, अमित यादव, सुरेश मौर्य, सुधीर सिन्हा, राजर्षि, यशपाल सिंह भंडारी, पंकज पाठक, विशाल मेहता, राकेश झा, पंकज पाठक, गोविन्द झा एवं कई और लोग शामिल रहे।


Leave a Reply