आईटीआई हबीबपुर से पास आउट 21 छात्रों को दिया टैबलेट

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छात्रों के उज्जवल भविष्य हेतु चलाई जा रही ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना’ युवा शक्ति को कुशल बनाने का आधार बन रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आईटीआई हबीबपुर से पास आउट 21 छात्रों को टैबलेट प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की डायरेक्टर श्रीमती इन्दू गोयल ने की और मुख्य अतिथि पर्यावरणविद विक्रांत तोंगड़ रहे।
श्री तोंगड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रशिक्षार्थियों को तकनीकी शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टैबलेट प्रदान कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से इसका भरपूर उपयोग शिक्षण कार्य के लिए करने का आवाहन किया। साथ ही सभी को पर्यावरण को शुद्ध रखने का भी आह्वान किया।
संस्थान डायरेक्टर श्रीमती इन्दू गोयल ने कहा कि टैबलेट में पढ़ाई के लिए सभी ऑनलाइन पाठ्य सामग्री उपलब्ध है। सरकार टैबलेट देकर छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का काम कर रही है। अब बच्चों की शिक्षा तकनीकी ज्ञान पर आधारित हो गई है, अतः टैबलेट के माध्यम से छात्रों को तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्रों को टैबलेट से रोजगार संबंधित जानकारी भी प्राप्त होगी।
मंच का संचालन मनोज झा ने किया और छात्रों को निर्देश दिया कि टैबलेट अवश्य इस्तेमाल करना है और सही दिशा में करना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे बड़ी युवा शक्ति वाला राज्य है। ऐसे में, प्रदेश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने और उसे वर्तमान व भविष्य की जरूरतों के अनुसार कौशल प्रदान करने की दिशा में योगी सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। इस कड़ी में स्वामी विवेकानंद सशक्तिकरण योजना बेहद प्रभावी साबित हो रही है।
शुक्रवार, 29 नवंबर के टैबलेट वितरण कार्यक्रम में तेजवीर, आशीष कुमार, मोहनलाल, दीपांशु व अन्य प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*