किसानों के दिल्ली कूच से नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर लगा जाम

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद/ दिल्ली। उत्तर प्रदेश के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार की सुबह दिल्ली कूच कर दिया। ऐसे में महामाया फ्लाईओवर, कालिंदी कुंज और सेक्टर 15 ए के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली जाने वाले मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने पड़ रहे हैं। तब भी दिल्ली नोएडा बॉर्डर पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है। डीएनडी फ्लाई ओवर और चिल्ला बॉर्डर पर सुबह से ही भारी जाम देखने को मिला। किसानों के कूच के चलते बॉर्डर पर सुरक्षाबलों की बड़ी तैनाती की गई है।
उल्लेखनीय है कि किसानों ने 27 नवंबर को ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पर धरना दिया था और 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक यमुना अथॉरिटी पर प्रदर्शन किया। पांच दिन बाद 6 दिसंबर को किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में संसद परिसर की ओर मार्च करने की योजना है। आज सोमवार 2 दिसंबर को गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और आगरा सहित 20 जिलों के किसान इस मार्च का हिस्सा बने।
सोमवार को किसानों का मार्च दोपहर 12 बजे महामाया फ्लाईओवर से शुरू हुआ। किसान पैदल और ट्रैक्टरों से दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर कई जगह बैरिकेडिंग कर दी गई, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। डीएनडी फ्लाईओवर, चिल्ला बॉर्डर और महामाया फ्लाईओवर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*