राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
मुजफ्फरपुर। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा पिछले दिनों पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्याम नंदन सहाय कॉलेज प्रांगण में पौधरोपण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कॉलेज के प्राचार्य सुबोध कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि पर्यावरण दिवस एक चेतना का संदेश देता है। पर्यावरण सुरक्षा मानव जाति एवं इस पृथ्वी पर पल रहे सभी जीव-जंतुओं एवं फ्लोरा एंड फाउना की रक्षा का संदेश देता है।
पौधरोपण कार्यक्रम में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के बिहार प्रदेश प्रभारी एवं वन विभाग के सेवानिवृत्ति अधिकारी रमेश प्रसाद श्रीवास्तव व सीनियर सिटीजन काउंसिल मुजफ्फरपुर के उपाध्यक्ष प्रेम कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। श्री वर्मा ने कहा कि शास्त्रों में पर्यावरण के संबंध में कहा गया है कि क्षिति जल पावक गगन समीरा। पंच रचित अति अधम शरीरा। अतः मानव शरीर तथा पृथ्वी पर पल रहे सभी जीव-जंतु एवं वनस्पतियों का निर्माण पांच तत्वों से ही हुआ है। अतः इसकी रक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।
रमेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1972 में पर्यावरण के प्रति वैश्विक स्तर पर राजनीतिक और सामाजिक जागृति लाने हेतु इस दिवस की घोषणा संयुक्त राष्ट्र द्वारा की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य यह था कि टू कंजर्व इकोलॉजी। वर्तमान परिपेक्ष में प्रदूषित गैसों का फैलाव अधिक होने के कारण ओजोन लेयर में छिद्र होने से तरह-तरह की बीमारियों का प्रकोप से मानव एवं पेड़-पौधे आक्रांत हो गए हैं। प्लास्टिक का प्रयोग नदी घाटी और जल मार्गों को अवरोध कर रहा है, जिससे समुद्र, हवा एवं मृदा दूषित हैं। मानव स्वास्थ्य एवं वन्य जीव पारिस्थितिकी तंत्र एवं पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में प्राचार्य के अतिरिक्त कॉलेज के सभी स्टाफ आदि ने भाग लिया एवं पौधरोपण में सहभागिता सुनिश्चित की। रमेश प्रसाद श्रीवास्तव ने इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। साथ ही आज के कार्यक्रम में अतिथियों के प्रति आभार जताया है।

Leave a Reply