दिल्ली की कला प्रदर्शनी में वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। मंडी हाउस स्थित रविंद्र भवन के ललित कला अकादमी के गैलरी नंबर 3 में चल रही छह दिवसीय कला प्रदर्शनी में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को सम्मानित किया गया। वह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे और उन्हें ‘अभिनव रस्सी कलाकृति’ के प्रमुख साहित्यकार सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ ने साल, पटका, स्मृति चिन्ह एवं कलाकृति ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया।
बच्चन ने इस अवसर पर कला प्रदर्शनी को सराहते हुए कहा कि यह एक अद्भुत, प्रेरणादायक और रचनात्मक अनुभव था, जिसमें सुरेश पाल वर्मा जसाला की मेहनत और प्रतिभा साफ दिखती है। वर्मा जी ने रस्सी से बहुत सुंदर पेंटिंग्स बनाई हैं। उनकी हर पेंटिंग में एक अलग संदेश है, जो उन्हें राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान प्रदान करती है।
जितेन्द्र बच्चन ने बताया कि सरल सौम्य छवि के धनी, अपनी बात को दृढ़ता से रखने वाले सुरेश पाल वर्मा गांव की माटी के ऐसे कर्मकार हैं जो शिक्षक, कवि, साहित्यकार, नई-नई विधाओं के जनक के साथ चित्रकारी में भी रस्सी के अभिनव प्रयोग से धमाल मचाते हुए, विश्व पटल पर छाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि कभी बचपन में कलम और रंगों से खेलने वाला, देशी बाण की रस्सी से खाट (चारपाई) बुनने वाला बालक, आज के समय में विश्व स्तर पर अपने चिंतन के लेखन से काव्य तथा साहित्य सृजन में लीन हैं, तो वहीं कूची व रंग से कैनवास सजाते हुए अपनी चित्रकारी को रस्सी के नूतन स्वरूप से संवारा है।
बच्चन ने कहा, “जसाला द्वारा स्थापित रस्सी के इस नए प्रयोग को देखकर लोग उनके कायल हो गए हैं और विस्मय से आह – वाह – अनुपम – अद्भुत – शानदार जैसे शब्दों से उनकी चित्रावलियों की प्रशंसा करते हैं।”
रविवार, 9 नवंबर को आयोजित ‘अतिथि सम्मान’ समारोह की अध्यक्षता शशि पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाहदरा के चेयरमैन डॉ सुरेन्द्र वर्मा ने की। प्रो. (डॉ) भरत सिंह (चैयरमेन पीआईआईटी ग्रेटर नोएडा), साहित्याकर रामकिशोर उपाध्याय ओम प्रकाश शुक्ल, वरिष्ठ वकील अनिल कुमार चौहान, पत्रकार योगेश कौशिक और समाजसेवी सत्य नारायण प्रधान के अलावा कई अन्य प्रतिष्ठित कलाकार, साहित्यकार व समाजसेवी उपस्थित रहे। इन सभी को भी सुरेश पाल वर्मा जसाला द्वारा स्वलिखित पुस्तकें भेंटकर सम्मानित किया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*