राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
वडोदरा। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर गायत्री विकलांग मानव मंडल वडोदरा गुजरात द्वारा ‘सरदार वल्लभभाई पटेल दिव्य रत्न’ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम वडोदरा में ही 7 दिसंबर को संपन्न होगा। समारोह के मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मनीषाबेन वकील और सांसद डॉ हेमांग जोशी हैं।
सामाजिक संस्था ‘गायत्री विकलांग मानव मंडल’ की संचालक श्रीमती रुक्मणी देवी माहेश्वरी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सम्मान समारोह का आयोजन हर वर्ष किया जाता है। जिसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ाना है। साथ ही देश में दिव्यांगों के लिए कार्य कर रही संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित कर उन्हें उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। उनका हौसला बढ़ाना है, जिससे वे और श्रेष्ठ कार्य कर सकें।
श्रीमती माहेश्वरी स्वयं भी एक दिव्यांग हैं। इसके बावजूद वह इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन लगातार करती आ रही हैं। पिछले साल उन्होंने संस्था के माध्यम से गुजरात के गांवों और समाज में श्रेष्ठ कार्य करने वाले भाई-बहनों को ‘श्रम परिश्रम अवार्ड’ से प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया था। इस बार यह आयोजन वह और बड़े स्तर पर कर रही हैं और कई राज्यों के 101 हस्तियों को उनकी संस्था सरदार वल्लभभाई पटेल दिव्य रत्न अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
श्रीमती माहेश्वरी कहती हैं, “कार्यक्रम में कोई जाति-पाति या किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता है। हमारी सरकार से विनती है कि दिव्यांगजनों के प्रति वह संवेदशील रहे। उन्हें हर तरह का लाभ दे, जिससे वे और अच्छा काम करने के लिए उत्प्रेरित हों।” वह आगे कहती हैं, “अगर सरकार हमारी संस्था को आर्थिक सहयोग करे तो हम दिव्यांग जनों के लिए और बेहतर कार्य कर सकते हैं और यह होना भी चाहिए।”
उन्होंने बताया कि रविवार, 7 दिसम्बर को आयोजित हो रहे कार्यक्रम की तैयारी में संस्था के सभी सदस्य लगे हुए हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक बालकृष्ण शुक्ला, धर्मेंद्र सिंह बापू, केयूरभाई रोकड़िया, मेयर श्रीमती पिंकीबेन, कलक्टर अनिल कुमार धमोलिया, पुलिस कमिश्नर नरसिम्हा कोमर, नगर आयुक्त अरुण महेश, आईपीएस श्रीमती लीना पाटिल, गायत्री परिवार के गरीश पटेल, समाज सुरक्षा अधिकारी महेश पटेल और अतिथि के तौर पर रामगोपाल मूदड़ा, गिरीश भाई माहेश्वरी, बाबूभाई सी पटेल, मितेशभाई पटेल, रमेशभाई भूतड़ा, पूर्व सांसद रंजनबेन भट्ट, विजयभाई शाह, ललितभाई शाह, डॉ राजेश कोरांट, डॉ विजय शाह, राजेश आयरे, दीपकभाई माहेश्वरी, मनीषभाई लुक्का और गांधीनगर के अनिलभाई शाह उपस्थित रहेंगे।


Leave a Reply