पुणे के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रवींद्र भोले को दिल्ली में हिंदू रत्न पुरस्कार

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय विचार मंच द्वारा 12वां राष्ट्रीय अधिवेशन एवं ‘हिंदू रत्न पुरस्कार’ समारोह का आयोजन किया गया। दिल्ली के भारत मंडपम में 23 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण के लिए आरएसएस के योगदान को रेखांकित करना था। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी, प्रचारक एवं दिव्यांग कार्यकर्ता डॉ. रविन्द्र भोले को ‘हिन्दू रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार महंत परमहंस श्री 108 डॉ सदानंद जी महाराज, संत मधुकर रामायण वीरेंद्र, अयोध्या के हनुमान गढ़ी के महंत विश्वनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार सरावगी द्वारा प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. रविन्द्र भोले करीब 35 वर्षों से समाजसेवा कर रहे हैं। इसके अलावा वह धार्मिक, चिकित्सा, आध्यात्मिक, शैक्षणिक, पर्यावरण, प्राकृतिक आपदाओं, मराठवाड़ा भूकंप, कोरोना महामारी, बाढ़ राहत आदि कार्यों में हमेशा तत्पर रहते हैं। महाराष्ट्र के विभिन्न संगठनों के साथ भी वह सक्रिय भूमिका में रहते हैं।
डॉ भोले ने मैग्सेसे पुरस्कार विजेता पद्मश्री डॉ. मणिभाई देसाई प्रतिष्ठान और मानव ट्रस्ट की स्थापना भी कर रखी है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवा केंद्र के माध्यम से गरीबों को चिकित्सकीय सेवाएँ भी प्रदान करते हैं और अध्यात्म पर प्रवचन आदि कर लोगों की आत्मिक संतुष्टि का स्रोत बनते हैं।
कार्यक्रम में पुणे के डॉ. रविन्द्र भोले के साथ-साथ दिघी के अमोल पाटिल को भी हिंदू रत्न पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा ‘हिंदू रथ राष्ट्र निर्माण’ सम्मेलन की स्मारिका का विमोचन किया गया, जिसे लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अनेक मंत्रियों और सांसदों ने शुभकामनाएँ दी हैं।
12वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भगवान श्री रामचंद्र और गौ माता की स्मृति को भारतीय मुद्रा पर अंकित करने, गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। अनेक संतों, महंतों, योगियों एवं तपस्वियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। उस सभी के प्रति महासचिव राहुल गोयल ने आभार व्यक्त किया है।
कार्यक्रम में नरेंद्र धाकड़ प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश, नरेश शाह गुजरात, महेश गोयनका गोवा, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं उपदेशक डॉ. रवींद्र भोले महाराज पुणे, राजेश राजपूत तेलांगना, दयानंद शेट्टी कर्नाटक, रवींद्र वर्मा पंजाब, मनोज सहरावत हरियाणा, सत्यजीत गांगुली पश्चिम बंगाल, अनिल सरावगी त्रिपुरा, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल अरुणाचल, निर्मल घोष छत्तीसगढ़, श्रीमती एस गीतांजलि ओडिशा, कमलेश तिवारी झारखंड, वी शिकेत, पंकज सिंह राजपूत उत्तराखंड, धर्मेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश, नवीन राय बिहार, गिरीश चंद्र घनसियाला दिल्ली, जोगेंद्र प्रसाद सिंह असम, राजेंद्र मोदी राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के कपिल शर्मा आदि अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*