खुर्जा में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिव्यांग बच्चों ने दिखाए हुनर

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। समग्र शिक्षा अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण दिवस के उपलक्ष्य में तहसील स्तरीय दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एकेडमिक, स्पोर्ट्स और कल्चरल मीट के इस कार्यक्रम में 45 दिव्यांग बच्चों ने अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जिन्हें समाज के प्रतिष्ठित लोगों ने प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत व सम्मानित किया।
सोमवार को लक्ष्मणगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिलाध्यक्ष डीसी गुप्ता कांटे वालों ने दिव्यांग बच्चों की समस्याओं को बताते हुए कहा इन्हें सामान्य गतिविधियाँ करने में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे बच्चों को विशेष शिक्षा और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, ताकि इनका मनोबल बढ़े और समाज में ये भी एक सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।
दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने चित्रकला, सुलेख, रंगोली, कुर्सी दौड़, रस्सा कसी, लंबी दौड़ तथा छूकर पहचानो प्रतियोगिताओं में शामिल होकर अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। चित्रकला में साक्षी प्रथम रही, शिफा द्वितीय और अरमान ने तृतीय स्थान हासिल किया। सुलेख में शिफा प्रथम, वर्षा दूसरे साक्षी तीसरे स्थान पर रहीं। रंगोली में प्रथम– साक्षी, द्वितीय– तनु, कुर्सी दौड़ में प्रथम– जीशान, द्वितीय– मोहम्मद जुबेर, तृतीय– हिमांशी और रस्सा कसी टीम में महिमा, दीपक, प्रिंस, अयान, अभिषेक, शिवम, प्रियंका, दीपांशु, मोहम्मद जहीर एवं दानिश शामिल रहे। वहीं बालिकाओं की लंबी दौड़ में प्रथम– महिमा, द्वितीय– अमरावती और बालकों की लंबी दौड़ में प्रथम– दीपक, द्वितीय– जीसान, छूकर पहचानो प्रतियोगिता में प्रथम– हिमांशु राघव रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष शिक्षक उमेशचंद्र (खेल प्रभारी) के निर्देशन में राजनाथ कुशवाहा, रजनीश कुमार, अभिषेक अग्निहोत्री, राम प्रकाश पांडे एवं प्रमोद कुमार का सहयोग रहा। सभी प्रतियोगियों को एंटी करप्शन मूवमेंट भारत और श्री हरिदास चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से उपहार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एंटी करप्शन मूवमेंट के महासचिव विपिन सिसोदिया, जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी डीसी गुप्ता कांटे वाले, उद्योगपति शकुल तायल, नगर सचिव चमन लाल जुनेजा सभासद, पवन कुमार, नीतीश राघव, वीरेंद्र कुमार गुप्ता, शिव शंकर कौशिक, सोनू शर्मा, संरक्षक सोनपाल सिंह, शीतल रानी आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*