हिंदी पत्रकारिता दिवस पर कृष्ण उजाला के संपादक नरेश सिंहानिया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। नई दिल्ली में रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सभागार में मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति द्वारा आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में गाजियाबाद से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र कृष्ण उजाला के संपादक श्री नरेश सिंहानिया को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया है। यह कार्यक्रम हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर पत्रकारिता के महत्व और उसकी चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल, स्वामी दीपांकर जी महाराज, प्रो. के.जी. सुरेश (पूर्व कुलपति, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि) एवं निदेशक, इंडिया हैबिटेट सेंटर, डॉ. वेद प्रकाश गुप्ता (चेयरमैन, ‘नेशनल थॉट्स’ व श्री देवालय संघ), अरुण गोयल (सीएमडी, भारत प्रकाशन) समेत दिल्ली के अलावा ए पी दास (ओड़िशा), लक्ष्मण पटेल (गुजरात), पी. शानमुगलवेल (तमिलनाडु), प्रभात चंद्र शर्मा (गोवाहाटी), कर्नाटक, असम और देहरादून से आए वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता समाज को जागरूक करने, जनहित के मुद्दों को उठाने तथा शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष रवींद्र गुप्ता, महासचिव रजनीकांत तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक कौशिक (प्रधान संपादक दैनिक हिन्द आत्मा) एवं स्वागताध्यक्ष देवेन्द्र तोमर ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह प्रदान किए। नरेश सिंहानिया ने समिति का आभार प्रकट किया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*