राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बुद्धांजलि रिसर्च फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 5वां भारत सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया । ट्रस्ट ने इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) के बुलंदशहर जिलाध्यक्ष डीसी गुप्ता कांटे वाले को ‘भारत सम्मान अवार्ड- 2026’ से सम्मानित किया। साथ ही राजनीति, प्रशासन, पुलिस, पत्रकारिता, समाजसेवा, शिक्षा, साहित्य एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़ी कई अन्य हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में बतौर अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, लोकसभा सांसद विद्युत महतो एवं अनूप प्रधान वाल्मीकि, राज्यसभा सांसद ताई तगाक, दिल्ली के स्पेशल पुलिस कमिश्नर आईपीएस रोबिन हिबू, उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त वीरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद डॉ. अंजू बाला, डॉ. भारती लावेकर, कृष्णा पिम्पले, प्रकाश जायसवाल, सुश्री शिवानी कुमारी, रईस खान, इरशाद अंसारी, बी.पी. सिंह, डॉ. संतोष शेट्टी, डॉ. सुरभि धानवाला, मुकेश कुमार मासूम, किशोर मासूम, संजय सिन्हा आदि गणमान्य उपस्थिति रहे।
ट्रस्ट के चेयरमैन कैलाश मासूम के अनुसार, समारोह का उद्देश्य राष्ट्र एवं समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करना था। इनमें खुर्जा, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के समाजसेवी डी.सी. गुप्ता कांटे वाले के साथ-साथ सोनपाल चौहान, पवन कुमार गौतम, शैलेंद्र आर्य, कैलाश भागमल गौतम, भगवान दास सिंघल, सत्यप्रकाश सिंह तथा संजय कश्यप को भी समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है।
इसके अतिरिक्त लोकसभा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, राज्यसभा सांसद ताई तगाक एवं पूर्व सांसद डॉ. अंजू बाला को उनके विशिष्ट योगदान के लिए भारत सम्मान प्रदान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में एबीपी न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार रविन्द्र जयंत, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भाजपा बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष विकास चौहान, नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा नोएडा के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा तथा साहित्य एवं लेखन के क्षेत्र में श्री चंद्रमणि ब्रह्मदत्त को भी भारत सम्मान से नवाजा गया है।
श्री गुप्ता कांटे वाले ने सम्मानित करने पर आयोजक कैलाश मासूम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय सम्मान समाजसेवियों का मनोबल बढ़ाते हैं और आगे अधिक समर्पण के साथ जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।


Leave a Reply