राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने देश की 41 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
बिलासपुर। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया का 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न हो गया। बिलासपुर के भाषा एवं संस्कृति विभाग सभागार में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त (डीएम बिलासपुर) आईएएस श्री राहुल कुमार ने समारोह में 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड प्रदान किया एवं 9 अन्य अलग-अलग प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया है।
श्री राहुल कुमार ने कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया समाज के लिए अच्छा कार्य कर रहा है। संगठन के कार्यकर्ता सरकारी कार्यक्रमों व पात्र व्यक्तियों व जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करते हैं, यह सबसे अच्छी बात है। दूर दराज के क्षेत्रों से बहुमुखी प्रतिभाओं को ढूंढकर संस्था उन्हें राष्ट्रीय मंच देती है, उन्हें सम्मानित और पुरस्कृत किया जाता है। यह एक सराहनीय कार्य है। इससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलती है और वे भी अपने जिले, राज्य व देश के लिए कुछ करने को उत्साहित होते हैं।

संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ :
23 अगस्त को भव्य सम्मान समारोह का शुभारंभ उपायुक्त आईएएस श्री राहुल कुमार, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल (रि.) जसवंत सिंह चंदेल और जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल ने मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्था के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत कुमार, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राम स्वरूप भटनागर और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर विद्या भूषण श्रीवास्तव बतौर अतिथि उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश इकाई की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप और बिलासपुर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने अपनी टीम के साथ सभी अतिथियों का हिमाचली टोपी एवं शॉल पहनाकर पुष्गुच्छ के साथ उनका स्वागत-सत्कार किया।
जिला भाषा अधिकारी ने भी सराहा :
कार्यक्रम की अतिथि जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) श्रीमती नीलम चंदेल ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यों की प्रशंसा की है। उन्होंने भाषा, कला, शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में कार्य करने के लिए एसकेएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जितेन्द्र बच्चन को जहां साधुवाद दिय, वहीं सम्मान समारोह के विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने संगठन की प्रदेश अध्यक्ष की सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है।
सदस्यों में दिखा जोश :
उल्लेखनीय है कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया संपूर्ण भारत में कार्यरत है और शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और खासकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इसके सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हिमाचल प्रदेश में भी कार्यक्रम होने से पहले कई लोगों ने सदस्यता ग्रहण की और प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने प्रदेश व जिला कार्यकारिणी की घोषण भी की थी, जिससे पदाधिकारियों और सदस्यों में दोगुना उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने एक स्वर में कहा कि वे सभी संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में शीघ्र ही एसकेएफआई की इकाई गठित की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने सहयोग के लिए जताया आभार :
कार्यक्रम का सफल संचालन रविन्द्र कुमार शर्मा ने किया। सम्मान समारोह की आयोजक व संस्था की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने अपने सभी सहयोगियों का उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और अतिथियों के प्रति अभार व्यक्त किया है। कार्यक्रम में एसकेएफआई को लेकर कई साहित्यकारों, कवियों और समाजसेवियों ने भी अपने-अपने विचार रखे। साथ ही महिला मंडल ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे।


Leave a Reply