नोएडा में मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार

राष्ट्रीय जनमोर्चा। विशेष संवाददाता
नोएडा। सेक्टर 63 थाना पुलिस की रविवार देर रात कार में लिफ्ट देने के बहाने नकदी, गहने व आनलाइन लूटपाट करने वाले एक गिरोह के बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। चार बदमाश दो अलग-अलग बाइक पर सवार थे। बहलोलपुर अंडरपास के निकट पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए और दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने काबू कर गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सेक्टर 62 गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान बुलेट और अपाचे बाइक सवार चार संदिग्ध फर्राटा भरते दिखे थे। दरअसल, पुलिस को देखते ही चारों बचकर भागने लगे थे। पुलिस का उन पर इससे और शक गहरा गया। पीछा किया गया, लेकिन बहलोलपुर अंडरपास के निकट खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे दो संदिग्ध गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली के मीठापुर गांव के विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू और नोएडा के बसई गांव के राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है। जबकि दो अन्य जो गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें ग्रेटर नोएडा के सुत्याना गांव का निवासी शंकर शर्मा और नोएडा के बसई गांव का रहने वाला कपिल कश्यप है। बदमाशों से दो तंमचे, कारतूस, दो चाकू, चोरी की दो बाइक बरामद हुई है।
विकास गिरोह का सरगना है और सेक्टर 20 थाने का गैंगस्टर भी है। पकड़े गए बदमाश लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी गाड़ी में बैठाकर उनके साथ लूटपाट करते थे और फिर किसी सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे। विकास पर गैंगस्टर, लूट, आर्म्स एक्ट समेत 22 मामले, राजेश पर गैंगस्टर समेत 18, शंकर पर 10 व कपिल पर दो मामले दर्ज हैं।

admin
About admin 3398 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*