आर के सिन्हा का निधन, कायस्थ समाज में छाया शोक

राष्ट्रीय जनमोर्चा। जितेन्द्र बच्चन
नोएडा। कायस्थ समाज के पुरोधा, अभिभावक, भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद, SIS ग्रुप के संस्थापक – चेयरमैन, आर. के. ( डॉ. रविन्द्र किशोर) सिन्हा का आज शुक्रवार, 30 अक्टूबर की सुबह नोएडा स्थित आवास पर महाप्रयाण (निधन) हो गया। उनके निधन से कायस्थ समाज में शोक छा गया है।
श्री सिन्हा लंबे समय से बीमार थे और ब्रेन स्ट्रोक के बाद कोमा में थे। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कायस्थ काउंसिल ऑफ इंडिया के संस्थापक जितेन्द्र बच्चन ने आर के सिन्हा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका निधन राजनीतिक, सामाजिक और कारोबारी जगत के लिए एक ‘अपूरणीय क्षति’ है। उल्लेखनीय है कि आरके सिन्हा नोएडा के सेक्टर-93 स्थित ओमेक्स ग्रैंड फॉरेस्ट सोसाइटी में अपने बेटे और परिवार के साथ रह रहे थे। उनका राजनीतिक और कारोबारी जीवन बिहार सहित देश के कई हिस्सों में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए याद किया जाएगा। उनके निधन से कायस्थ समाज के साथ-साथ राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक का माहौल है।
पारिवारिक जनों के अनुसार, डॉ सिन्हा का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए दिल्ली से पटना स्थित अन्नपूर्णा भवन, पाटलिपुत्र ले जाया जायेगा। देश के तमाम लोगों ने पुण्यात्मा की शांति और इस कठिन समय में परिवार को संबल देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

admin
About admin 3391 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव है। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*