नेहरूजी पर की थी अभद्र टिप्पणी, अभिनेत्री पायल रोहतगी को भेजा जेल

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

बूंदी (राजस्थान) । अभिनेत्री पायल रोहतगी को बूंदी पुलिस ने मोती लाल नेहरू पर टिप्पणी करने के मामले में गिरफ्तार कर सोमवार को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे अदालत के आदेश पर आठ दिन की न्यायिक हिरासत में यानि 24 दिसम्बर तक के लिए जेल भेज दिया गया।

उल्लेखनीय है कि पायल रोहतगी ने फेसबुक और ट्विटर पर  स्वतंत्रता सेनानी पं. मोतीलाल नेहरू परिवार की महिलाओं व पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी। इस पर युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव चर्मेश शर्मा की तहरीर पर सदर थाना पुलिस ने 10 अक्टूबर को आईटी एक्ट धारा 66-67 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी।

अदालत में पायल के वकील पूर्व लोक अभियोजक भूपेंद्र सहाय सक्सेना ने अग्रिम जमानत की अर्जी दी थी। शुक्रवार को इस ममाले पर सुनवाई होनी थी, लेकिन विधिक कारणों से नहीं हो पाई। पुलिस ने अहमदाबाद से रोहतगी को गिरफ्तार कर लिया और बूंदी ले आई। यहां सोमवार को कोर्ट में आरोपित को पेश किया गया। अदालत के आदेश पर अभिनेत्री पायल रोहतगी को जेल भेजने पर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेता निर्मल मालव, गौरव शर्मा ने कांग्रेस पर सीधे सीधे राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए कई बार सभाओं में कमेंट्स करते हैं। उन पर तो कोई कार्यवाही नहीं की जाती। पुलिस बूंदी जिले में हो रही अपराधों पर लगाम नहीं लगा पा रही और एक अभिनेत्री के खिलाफ कार्यवाही करने में इतनी जल्दबाजी की गई। उधर बूंदी शहर कांग्रेस अध्यक्ष देवराज गोचर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। जबकि कड़ी सुरक्षा के बीच पायल को जिला कारागार भेज दिया गया। वह बहुत उदास देखी गई।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*