सीएए के विरोध में देश भर में प्रदर्शन, दिल्ली के कई इलाकों में इंटरेनट-कॉलिंग-एसएमएस सुविधा बंद

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

दिल्ली और कार्नाटक में कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिया गया

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) के विरोध में दिल्ली समेत पूरे देश में आज एक बार फिर प्रदर्शन जारी है। लेफ्ट पार्टियों ने आज गुरुवार को भारत बंद का आह्वान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और दिल्ली के कई हस्सों में बड़े प्रदर्शन हो रहे हैं। खासकर दिल्ली पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने 15 मेट्रो स्टेशनों पर आवागमन बंद कर दिया है।

गुरुवार की सुबह से दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदर्शकारी विरोध की तैयारी में जुटे हैं, जबकि पुलिस ने कुछ इलाकों में धारा 144 लागू कर दी है। इस बीच लाल किला के पास स्वराज इंडिया के नेता योगेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह यहां पर प्रदर्शन की कोशिश कर रहे थे, जबकि सुबह से धारा 144 लागू है। इसी के साथ लाल किला के पास से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी ले लिया गया है। साथ ही दिल्ली के मंडी हाउस से जंतर मंतर तक प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई है। उधर कर्नाटक के कलबुर्गी में 20 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि दिल्ली में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, उनकी पत्नी मोना और कई अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि मेट्रो स्टेशन बंद है। इंटरनेट बंद है। हर जगह धारा 144 लागू है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*