दिल्ली में जामिया यूनिवर्सिटी के पास फिर गोलीबारी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पास रविवार देर रात गोली चलने से अफरातफरी मच गई। घटना रात करीब 11.30 बजे की बताई जा रही है। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के विरोध में जामिया के गेट नंबर 7 पर धरने पर बैठे आंदोलनकारियों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गेट नंबर पांच पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन जामिया कोऑर्डिनेशन कमिटी के मीडिया ग्रुप में गोली चलने का दावा किया गया। फायरिंग को लेकर दिल्ली पुलिस का बयान आया है जिसमें कहा गया है कि कोई बुलेट आसपास बरामद नहीं हुई है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

कमेटी के मैसेज में कहा गया है कि स्कूटी सवार दो युवकों ने फायरिंग की है, जिनमें से एक ने लाल रंग की जैकेट पहन रखी है। सोशल मीडिया में जामिया के सामने अफरा-तफरी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो कहां का और कब का है यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मालूम हो कि कुछ दिन पहले भी पैदल मार्च के दौरान एक नाबालिग ने पुलिस के सामने गोली चला दी थी, जिसमें एक छात्र घायल हो गया था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*