राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। सरकार की तरफ से महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाएं चल रही हैं, लेकिन समुचित जानकारी न होने के कारण कई योग्य महिलाएं उन योजनाओ से वंचित हो जाती हैं। इसी मुद्दे को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को वर्ल्ड विजन इंडिया की ओर से महानगर के अकबर नगर द्वितीय में आईएम जेनेरेशन इक्वलिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की तमाम महिलाओं को उनके अधिकार एवं सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अतिथि के रूप आए बृजेन्द्र बहादुर मौर्य ने महिलाओं को यूपी कॉप एप्प पर किस तरह से कम्प्लेन दर्ज की जाए, आईजीआरएस एप का इस्तेमाल आदि सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की शिकायत के तरीके और स्तर के बारे में जानकारी दी। साथ ही अपने साथ घटने वाली किसी भी घटना को भी नजदीकी पुलिस थाने में समुचित शिकायत करने के बारे में बताया। वर्ल्ड विजन इंडिया के लखनऊ प्रबंधक स्टीव डेनियल राव ने महिलाओं को अपनी बच्चियों से दोस्त की तरह व्यवहार करने का आग्रह किया ताकि यदि किसी बच्ची के साथ कुछ गलत हो रहा हो तो उसके बारे में समय रहते परिवार को जानकारी हो सके और आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सके।
सिपाही स्वरवीर एवं अशोक ने महिलाओं को 112 के इस्तेमाल के बारे में बताया। कार्यक्रम की थीम रियलाइजिंग वीमेन राइट्स थी। अतिथि के रूप में आए मनोज कुमार ने महिलाओं को समय पड़ने पर गाय और समय बदलने पर शेरनी बनकर रहने को कहा, ताकि कोई उन्हें कमजोर न समझ सके। वर्ल्ड विजन इंडिया की स्नेहलता धुसिया ने मेहमानों का स्वागत एवं कार्यक्रम का संचालन किया। अकबर नगर प्रथम की एएनएम शालिनी शुक्ला ने सुमंगला योजना,सुकन्या समृद्धि योजनाओं आदि के बारे में बताया। एएनएम नूतन राम ने माहवारी संबंधी जानकारी दी। अस्पताल में प्रसव करवाने पर सरकारी लाभ आदि सहित अन्य अस्पताल द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के बारे में भी उन्होंने बताया।
कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता अंजली पांडेय भी मौजूद रही। इस अवसर पर महिलाओं को गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया एवं पधारे हुए सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। महिलाओं के बीच में मेहंदी प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई आशा बहुएं भी मौजूद रहीं।


Leave a Reply