लखनऊ। बिहार के नालंदा में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर तनवीर खान को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी तनवीर खान की गिरफ्तारी की पुष्टि गाजीपुर एसपी डॉ ओमप्रकाश सिंह ने की है। गाजीपुर से पुलिस की टीम ने नालंदा जाकर तनवीर खान को गिरफ्तार किया है।
लॉकडाउन के दौरान विश्व में सभी धार्मिक स्थल बंद हैं। मस्जिद में भी अजान पर पाबंदी है। मगर मजहब को वर्दी से ऊपर समझने वाला सहायक उप निरीक्षक तनवीर खान इतना नाराज हुआ कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारने की धमकी दे दी। अब अंजाम सबके सामने है और तनवीर खान को जेल भेज दिया गया है। नालंदा के दीपनगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ दिलदार नगर थाने में केस दर्ज है। इसके बाद यूपी पुलिस ने नालंदा से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
राजगीर के फॉरेस्ट हाउस के पास तैनात बिहार पुलिस के जवान तनवीर खान ने पिछले महीने 24 अप्रैल को फेसबुक के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी थी। इसके बाद दिलदार नगर थाना क्षेत्र के धनंजय सूर्यवंशी और विशाल पांडेय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस प्रकरण की जब यूपी पुलिस को शिकायत मिली तो पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। यूपी पुलिस ने इस फेसबुक पोस्ट की पड़ताल की तो आरोपित गाजीपुर का निकला। तनवीर खान की तलाश में यूपी पुलिस नालंदा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार लिया।
गाजीपुर के एसपी डॉ ओमप्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित गाजीपुर जिला दिलदार नगर थाना क्षेत्र के रखसदा गांव का रहने वाला है। वह बिहार के नालंदा में पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी तैनात था। गिरफ्तार आरोपित तनवीर खान को जेल भेज दिया गया है।


Leave a Reply