राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। लाजपतनगर पर्वतीय भ्रातृ समाज सेवा समिति कोरोना को हराने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। समिति के पदाधिकारी साहिबाबाद में पूरी तरह से सक्रिय हैं। महामारी से प्रभावित लोगों की समिति की पूरी टीम मदद कर रही है। पूरे क्षेत्र को कोरोना मुक्त करने के लिए हर घर को सेनेटाइज किया। उसके बाद भूखे-प्यासे प्रवासी मजदूरों के लिए भोजन का इन्तजाम किया।
गुरुवार को पर्वतीय भ्रातृ समाज सेवा समिति के महासचिव देवेन्द्र जोशी ने राष्ट्रीय जनमोर्चा से बताया कि समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा जान की परवाह किए बिना नि:स्वार्थ भाव से 400 लोगों को भोजन के पैकेट वितरण किये गए। जिसमें सामुदायिक भवन लाजपतनगर साहिबाबाद में ठहराए गए 55 मजदूरों से लेकर अर्थला मोहन नगर व शालीमार गार्डन तक सभी जगह मजदूर भाइयों को कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं भोजन वितरण किया गया।
जोशी ने बताया कि समिति द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है कि अपना क्षेत्र कोरोना मुक्त रहे और अपने क्षेत्र से कोई भी मजदूर व मजबूर भूखा-प्यासा न रह जाय। इसी कड़ी में समाज द्वारा अलग-अलग जगह धूप में खड़े होकर राह गुजरते प्रवासी मजदूरों को पानी की बोतल और बिस्किट के पैकेट वितरित किये गए। देवेन्द्र जोशी ने कहा है, ‘हम बिना किसी बाहरी आर्थिक मदद के कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही लड़ाई में जी-जान से जुटे हैं। हमारे सदस्यों का हौसला बुलंद है और हम कोरोना के खिलाफ यह जंग जरूर जीतेंगे।’
समिति के अध्यक्ष भूपेन्द्र न्याल का कहना है कि हमसे यथा सम्भव जितनी मदत हो सकेगी, हम निस्वार्थ सेवा करते रहेगें। इस कार्य में हमारी मातृ शक्ति का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। यहाँ यह बताना भी जरूरी है कि इस महामारी के दौरान लगाए गए रक्तदान शिविर के बाद समाज के पास फोन आया कि किसी व्यक्ति की जान खतरे में है और उसे खून की सख्त आवश्यकता है। समिति के युवाओं द्वारा तुरंत फोर्टिस अस्पताल में जाकर रक्तदान किया गया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर और कोई सेवा नहीं है। हर व्यक्ति को इस संकट की घड़ी में आगे आना चाहिए और जरूरतमंदों की मदद करना चाहिए।


Leave a Reply