- राष्ट्रीय जनमाेर्चा ब्यूरो
- दिल्ली में बढ़ते तेल के दामों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे
नई दिल्ली। देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस देशभर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली, कर्नाटक में तेल के बढ़ते दामों के खिलाफ प्रदर्शन किया है। दिल्ली में आईपी कॉलेज के सामने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका है, जिससे झड़प होने की खबर आ रही है।
पूर्वी दिल्ली में कांग्रेस नेता डॉ हेमेंद्र शर्मा (कोविड कंट्रोल रूम इंचार्ज) ने कहा है कि करीब 20 दिन से डीजल और पेट्रोल के दामों में निरंतर हो रही वृद्धि से पूरा देश परेशान है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया में तो इसका खूब विरोध किया ही है, अब यह विरोध सड़कों तक आ पहुंचा है। डॉ हेमेंद्र शर्मा और राजेश यादव (प्रवक्ता) ने विरोध जताते हुए कहा है कि तेल के इस खेल में कोविड जैसी महामारी में दिल्ली के लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दामों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
बंगलूरू में तेल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने साइकिल रैली निकाली। कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम सिद्धारमैया अपने निवास स्थान से साइकिल चलाकर विरोध प्रदर्शन की जगह पहुंचे। जबकि बिहार की राजधानी पटना में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साइकिल, बैलगाड़ी के जरिए तेल के दामों में बढ़ोतरी का विरोध किया है।
ओडिशा में भी कांग्रेस राज्यभर में सोमवार और मंगलवार को प्रदर्शन करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी है। यहीं के विधायक सुरेश कुमार राउत्रे ने बताया है कि पार्टी कार्यकर्ता ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ आज केंद्रीय सरकार के कार्यालयों के सामने प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हम पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मंगलवार को भी पार्टी कार्यकर्ता सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में इसी तरह का विरोध प्रदर्शन करेंगे।


Leave a Reply