राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। विकास खण्ड एकेश्वर अंतर्गत पुसौली में संचालित सामाजिक और सहकारी संस्था ‘जय ईष्ट देव आजीविका सहायता संघ’ पिछले तीन साल से स्थानीय लोगों को मदद कर रही है। संघ के युवा अध्यक्ष अंबेश पंत इस छोटी सी अवधि में गरीब, असहाय और बेरोजगारों की जिदंगी लगातार खुशहाल बना रहे हैं। उनके नेतृत्य में संचालित संस्था सामूहिक कृषि उत्पादन और महिलाओं को गांव में ही रोज़गार दिलाकर उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
राष्ट्रीय जनमोर्चा से बातचीत में अंबेश पंत ने बताया कि समिति की सबसे बड़ी सफ़लता यह है कि तमाम विपरीत परिस्थितियों में भी हमपने अपने छोटे से कार्यकाल में करीब 600 शेयरधारक किसानों को एक लाख रुपये का लाभांश वितरित किया है। इसका सीधा लाभ आजीविका संघ से जुड़े 45 उत्पादक समूहों के किसानों को उनके समूहों के संयुक्त खातों में ट्रान्सफर कर दिया गया है।
20 मई को एकेश्वर के पुसोली गाँव में समिति के कार्यालय में हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक में समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश बिष्ट ने बताया कि ‘जय ईष्ट देव आजीविका सहकारिता समिति’ के अध्यक्ष अम्बेश पंत की सकारात्मक सोच और दूरदर्शिता एवं किसानों के प्रति समर्पण भाव का ही नतीजा है कि समिति ने बड़े स्तर पर लाभांश अपने किसानों को दिया है। समिति का प्रयास है कि वह जल्द ही इतनी ही धनराशि की दूसरी किश्त भी समूहों को दे दे।
समिति ने आईएलएसपी पौड़ी के उप-परियोजना निदेशक रविकांत मिश्रा व यूनिट अधिकारी नंदन सिंह पंवार के समिति को सतत मार्गदर्शन करने हेतु उनका आभार प्रकट किया है।
समिति के अध्यक्ष अंबेश पंत ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि संस्था ने अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए पौड़ी स्थित सर्किट हॉउस में आउटलेट भी खोल रखा है। समिति का प्रयास है कि पहाड़ के उत्पादों को राज्य के अन्य शहरों और देश के अलग- अलग हिस्सों में विक्रय कर किसानों को उनकी मेहनत की कीमत उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही यहां संचालित किसान सहायता केंद्र के माध्यम से किसानों, पशुपालकों और अन्य लघु उद्यमियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है और उनकी सभी समस्यों का समाधान भी करने की कोशिश की जाती है।


Leave a Reply