जम्मू-कश्मीर: नगरोटा में ट्रक सवार 4 आतंकी ढेर

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के नगरौटा में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में चार आतंकियों को ढेर कर दिया। गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे मुठभेड़ शुरू हुई थी। उसके बाद सर्च ऑपरेशन जारी रहा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
सुरक्षाबलों ने दावा किया है कि चार आतंकी ट्रक में छिपे थे और ट्रक में ही उन्हें ढेर कर दिया गया। दोनों ओर से कई राउंड धुआंधार फायरिंग हुई। चारों आतंकी एक ट्रक में सवार थे। जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, सुरक्षाबलों ने सक्रियता दिखाते हुए ट्रक को घेर लिया और आतंकियों को ट्रक से बाहर नहीं निकलने दिया। क्योंकि ये जंगल का इलाका था, अगर आतंकी ट्रक से बाहर आ जाते, तो मुठभेड़ लंबी चल सकती थी। आतंकियों के पास आधुनिक हथियार थे और वे लगातार धुआंधार गोलियां चला रहे थे लेकिन सुरक्षाबलों ने दो घंटे के भीतर ही आतंकियों को ढेर करके ऑपरेशन खत्म कर दिया।
ट्रक में खाद और सीमेंट की बोरियां लादी गई थीं और उन्हीं के बीच एक केबिन भी बनाया गया था, जहां आतंकियों को छिपाकर कश्मीर ले जाया जा रहा था। इससे पता चलता है कि आतंकियों को कश्मीर पहुंचाने के लिए ही इस ट्रक को तैयार कर जम्मू भेजा गया था। ट्रक में लदी बोरियां सिर्फ सुरक्षाबलों को चकमा देने के लिए लादी गई थीं ताकि उन्हें कोई शक न हो। लेकिन बन टोल प्लाजा के पास चौकस पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोक कर आतंकियों और उनके पाकिस्तान में बैठे आकाओं के मंसूबों को नाकाम कर दिया।

admin
About admin 3420 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*