कानपुर में ट्रक पलटने से 6 लोगों की मौत, 15 मजदूर घायल

ब्यूरो चीफ/राष्ट्रीय जनमोर्चा
कानपुर। कानपुर देहात के थाना भोगनीपुर में मंगलवार की तडके तेज रफ्तार एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ट्रक सवार सभी लोग नीचे दब गए थे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। आनन-फानन में सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार, 2 मार्च को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के इस संवाददाता से हादसे में घायल लाला राम ने बताया कि वे सभी हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। सोमवार की देर रात हमीरपुर के कलौली तीर गांव और घाटमपुर के बरनाव से मजदूर एक ठेकेदार के साथ सिरसागंज फिरोजाबाद जाने के लिए निकले थे। टेम्पो व ट्रक में वे सभी पहले भोगनीपुर तक आए। इसके बाद यहां कोयला लदे एक ट्रक को रुकवाकर जो इटावा तक जा रहा था, उसमें बैठा दिया। कुछ मजदूर आगे बैठे तो कुछ पीछे कोयले पर बैठे हुए थे। भोगनीपुर के मउखास गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सभी मजदूर नीचे दब गए। चीख-पुकार मच गई।
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ट्रक में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने लगे। इस दौरान पुलिस भी आ गई। पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए पुखराया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां से उन्हें कानपुर देहात के माती जिला अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में मौके पर ही छह लोगों ने दम तोड दिया और 15 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
एसपी कानपुर (देहात) केशव कुमार चौधरी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की शिनाख्त हो गई है। इनमें दो बच्चे चार बर्षीय सूरज पुत्र श्रीकांत, आठ वर्षीय कोमल पुत्री श्रीकांत, चन्दावती पुत्री राम खेलावन (14), राधा पत्नी श्रीकांत (42), पिंकी पत्नी मुनिया (45) औश्र रमेश पुत्र धनीराम (45) शामिल हैं। ये सभी ग्राम वरनाव थाना घाटमपुर जिला कानपुर नगर और ग्राम कलौली थाना हमीरपुर जिला हमीरपुर के रहने वाले हैं। दुर्घटना में जो लोग घायल हैं, उनमें साजन, रज्जन देवी, सुमित्रा, विमला, शिवलाल, लालाराम, सुरेंद्र व शिखा समेत कुल 15 लोग शामिल हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*