राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। पत्रकारों की संस्था ‘गाजियाबाद जर्नलिस्ट्स क्लब’ कोरोना संकटकाल को देखते हुए इस वर्ष “होली मिलन समारोह” नहीं आयोजित करने का निर्णय लिया है। साथ ही कहा है कि अगर सब ठीकठाक रहा तो संस्था 30 मई को ‘हिंदी पत्रकारिता दिवस’ पर एक भव्य समारोह आयोजित करेगी। इस समारोह के अवसर पर ‘पत्रकारिकता: दशा और दिशा’ विषय पर एक संगोष्ठी भी की जाएगी, जिसमें देश के अग्रज पत्रकारों को व्याख्यान के लिए आमन्त्रित किया जाएगा।
मंगलवार, 2 मार्च को ‘गाजियाबाद जर्नलिस्ट्स क्लब’ के संयोजक मंडल के सदस्य सुशील शर्मा, अरविन्द मोहन शर्मा और अशोक कौशिक ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि अभी कोविड-19 से प्रभावित जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है, अतः यह निर्णय लिया गया है कि इस वर्ष संस्था का बहुप्रतिक्षित “होली मिलन समारोह” आयोजित नहीं होगा। उल्लेखनीय है 20 वर्ष के अंतराल के बाद गत वर्ष से ही पत्रकारों का यादगार ” होली मिलन समारोह” पुनः प्रारम्भ किया गया था, जिसमें होली की रसिया, नुक्कड़ नाटक, जमूरा-मदारी, हास्य-व्यंग्य आदि का आयोजन घंटाघर रामलीला मैदान में किया गया था। लेकिन उसके तत्काल बाद लाकडाउन और फ़िर अब तक जारी कोरोना कहर को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष यह आयोजन न करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह भी निर्णय लिया गया कि यदि मई माह तक कोरोना का कहर समाप्त हो जाता है अथवा जन-जीवन सामान्य हो जाता है तो 30 मई को “हिंदी पत्रकारिता दिवस” पर भव्य समारोह आयोजित किया जायेगा। इस मौके पर “पत्रकारिकता: दशा और दिशा” विषय पर देश के अग्रज पत्रकारों को व्याख्यान के लिए आमन्त्रित किया जायेगा। साथ ही तीनों पत्रकारों ने इस बात पर भी जोर दिया है कि गाज़ियाबाद जर्नलिस्ट्स क्लब महानगर के सभी पत्रकारों को साथ लेकर आम सहमति से आयोजन करता है। आगे भी इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।


Leave a Reply