राष्ट्रीय सेवा योजना के 7 दिवसीय शिविर का शुभारंभ

डॉ. कमलेश भारद्वाज/राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। शम्भू दयाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजियाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के सात दिवसीय विशेष सेवा शिविर का 2 मार्च को शुभारंभ किया गया। यह आयोजन ग्राम पंचायत भवन इन्द्रगढ़ी गाज़ियाबाद में प्रारंभ हुआ। दोनों कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. नीलम गर्ग एवं डॉ. अजय उपाध्याय के साथ-साथ कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. मंजु गोयल ने एवं मुख्य अतिथि डॉ. भरत लाल अग्रवाल, पूर्व प्राचार्य एवं सहलेखक जे.एस. हिंदी (पी.जी.) कॉलेज अमरोहा ने रिबन काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
मंगलवार को दोनों इकाइयों का उदघाटन सत्र एकसाथ सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों ने माँ शारदा के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। सरस्वती वंदना के पश्चात रा.से.यो. के लक्ष्यगीत का गायन किया गया। अतिथियों के स्वागत के पश्चात कुछ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।उसके बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. भरत लाल अग्रवाल ने अपने वक्तव्य में छात्राओं को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएँ प्रेम और करुणा की साक्षात प्रतिमा होती हैं। वे अपने इस गुण के कारण पुरुषों से कही अधिक आगे हैं। आप भी अपने गुणों को पहचानकर उसके अनुरूप अपना लक्ष्य निर्धारित करें, उसे प्राप्त करने की योजना बनाकर उसके पीछे लग जाएं। सफलता जरूर मिलेगी।
मुख्य अतिथि के उदबोधन के पश्चात कार्यकम अध्यक्ष डॉ. मंजु गोयल ने अपने आशीर्वचन से सभी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोरोना महामारी के कारण हम गत वर्ष बहुत सी गतिविधयों से दूर रहे पर अब धीरे-धीरे हम पुराने कार्यक्रमों की ओर लौट रहे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना का ये विशेष शिविर आपको बहुत कुछ सिखाएगा। यह आपको व्यावहारिक जीवन का ज्ञान प्रदान कर सामाजिक कार्यों से जोड़ेगा। कोरोना के इस कठिन समय में भी इस शिविर का आयोजन स्वयं में एक बड़ी उपलब्धि है। पुरातन छात्रों में राहुल कुमार, कनिष्क चौहान, मनोज कुमार एवं लता भारद्वाज ने भी शिविर में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में प्रीतम सिंह, सुखपाल एवं अमित कुमार कर्मचारियों का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*