कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए ममता बनर्जी ने 294 में से 291 सीटों पर आज उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। बाकी तीन सीटें उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों की हैं, जहां गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में ममता बनर्जी ने उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए कहा कि इस बार 50 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। इसके अलावा दलित और महादलित जातियों के प्रत्याशियों को भी टिकट में भागीदार बनाया गया है।
लेकिन स्वयं ममता बनर्जी ने इस बार अपनी परंपरागत सीट भवानीपुर से चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसके स्थान पर उन्होंने नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की आज घोषणा की। उल्लेखनीय है कि यहां से तृणमूल के विधायक और ममता कैबिनेट के पूर्व मंत्री शुभेंदु अधिकारी के भारतीय जनता पार्टी में चले जाने के बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। उसी का हवाला देते हुए दीदी ने कहा कि वह जो कुछ भी वादा करती हैं, उससे पीछे नहीं हटतीं। नंदीग्राम अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र है और आम तौर पर मुस्लिम मतदाता ममता बनर्जी के परंपरागत वोटर रहे हैं। जबकि भवानीपुर विधानसभा सीट से राज्य के वर्तमान बिजली मंत्री शोभनदेव चटर्जी को टिकट दिया गया है। उधर शुभेंदु अधिकारी ने चुनौती दी है कि नंदीग्राम से ममता बनर्जी को वह 50 हजार से अधिक वोटों से हराएंगे वरना राजनीति छोड़ देंगे।


Leave a Reply