राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबद्धनगर। अन्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था (भारत) द्वारा जिले के जारचा में महिलाओं के सम्मान में ‘गृहलक्ष्मी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर परिवार का आधार बुजुर्ग महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
सोमवार, 8 मार्च को कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा ने कहा कि नारी को ‘गृहलक्ष्मी’ तथा देवी स्वरूपा कहा गया है, मगर महिलाओं के साथ लगातार हो रही घरेलू हिंसा, दहेज हत्या और भेदभाव की घटनाओं को देखकर नहीं लगता कि नारी को एक ‘गृहलक्ष्मी’ के रूप में सम्मान दिया जाता है। सबसे पहले हमें अपने घर की महिलाओं को सम्मान देना होगा, तभी महिलाओं के प्रति लोगों की सोच में बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि संस्था अलग-अलग गांवों में ‘गृहलक्ष्मी’ सम्मान कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यह सन्देश देने का प्रयास कर रही है कि हमारे घरों में रहने वाली महिलाएं हमारे लिये बेहद खास हैं। उन्हे भरपूर सम्मान दें। डॉ वर्मा के अलावा जारचा ग्राम प्रधान सोना देवी ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे आकर खुद की आवाज बुलंद करनी होगी। अपने खिलाफ होने वाली हिंसा पर चुप्पी तोड़नी होगी, तभी न्याय मिलेगा। इसके लिए महिलाओं को जागरूक भी होना होगा।
कार्यक्रम में महासचिव अनिल भाटी, विजय तंवर, आरके सागर, गंगाराम प्रधान, दीपमाला, सीमा देवी, रवि कुमार, हरेन्द्र आनन्द और सलीम ख़ान आदि लोग मौजूद रहे।


Leave a Reply