डॉक्टरों का दावा: ममता बनर्जी को कई जगह लगी गंभीर चोट

एसएसकेएम में भर्ती मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को नंदीग्राम सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद घायल हो गईं। ममता बनर्जी का आरोप है कि उन पर एक साजिश के तहत हमला किया गया है, लेकिन भाजपा के एक नेता ने इसे ममता का नाटक बताया है। फिलहाल, चोटिल होने के बाद ममता को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर नंदीग्राम से बुधवार देर शाम ही कोलकाता लाया गया। यहां राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएसकेएम में उन्हें भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सीएम का एक्स-रे और एमआरआई किया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है पैर सहित ममता बनर्जी के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें 48 घंटे तक कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। रात में ही उनका इलाज शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान चार-पांच लोगों ने उनको धक्का दे दिया था, जिसकी वजह से उनकी यह हालत हुई है। आईपीजीएमईआर और एसएसकेएम अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. एम बंदोपाध्याय ने कहा है, प्रारंभिक जांच में ममता बनर्जी के शरीर पर कई गंभीर चोटें पाई गई हैं। उनके बाएं पैर के एंकल पर चोट हैं, दाहिने कंधे में चोट, हाथ और गर्दन पर गंभीर चोट लगने का पता चला है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना के बाद से सीने में दर्द और सांस फूलने की भी शिकायत की है।
उल्लेखनीय है कि ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ ने पहले ही आशंका जताई थी कि पश्चिम बंगाल में कुछ अराजकतत्व चुनाव की आड़ में हिंसा कर सकते हैं। ऐसे में किसी भी पार्टी के नेता पर हमला हो सकता है। बंगाल में और कड़ सुरक्षा-व्यवस्था होनी चाहिए। वहीं ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने सीएम की अस्पताल में भर्ती वाली एक तस्वीर ट्वीट की है। अभिषेक ने लिखा है, ”दो मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे लेकिन भाजपा 2 मई को बंगाल के लोगों की शक्ति को देखने के बाद खुद को कोसेगी।” दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि ममता बनर्जी पर कथित हमले के खिलाफ वह चुनाव आयोग जाएंगी। साथ ही इस घटना के बाद सीएम ममता बनर्जी के कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*