प्रजेश शंकर/राष्ट्रीय जनमोर्चा
– दिसंबर 2021 तक 7 लाख व्यापारियों को पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य
नई दिल्ली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को ई-कॉमर्स पोर्टल ‘भारत ई मार्केट’ को शुरू करने के लिए एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया। कैट ने देश की राजधानी दिल्ली में एक भव्य समारोह में बहु-प्रतीक्षित ई-कॉमर्स पोर्टल के पहले चरण में व्यापारियों एवं सेवा प्रदाताओं द्वारा इस पोर्टल पर अपनी ‘ई दुकान’बनाने के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च कर दिया।
कैट महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने इस अवसर पर कहा कि ई-कॉमर्स भविष्य का व्यापार है। जिस तेजी से देश में इंटरनेट संपर्क और स्मार्ट फ़ोन का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है। उसी तेजी के साथ ई-कॉमर्स के जरिए खरीदारी में वृद्धि हो रही है, जिसे देखते हुए कैट ने अपने स्वदेशी ई-कॉमर्स पोर्टल के लिए मोबाइल ऐप को लॉन्च किया है।
खंडेलवाल ने बताया कि गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में “लोकल फॉर वोकल” तथा “आत्मनिर्भर भारत” का आह्वान किया था, जिसमें भारतीय वस्तुओं एवं टेक्नोलॉजी को इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया था। कैट ने इसी अभियान के अंतर्गत “भारत ई मार्किट” पोर्टल को लॉन्च करने की योजना बनाई है, जिसके द्वारा भारतीय वस्तु के निर्माणकर्ता एवं व्यापारियों द्वारा इस पोर्टल पर अपनी ई-दुकान खोलकर लोकल उत्पादों को बढ़ावा दिया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर व्यापारी से व्यापारी (बीटूबी) तथा व्यापारी से उपभोक्ता (बीटूसी) व्यापार बेहद आसानी से हो सकेगा। भारत ई मार्किट पूर्ण रूप से आधुनिक टेक्नोलॉजी, सशक्त डिलीवरी, इनोवेटिव मार्केटिंग, सक्षम डिजिटल पेमेंट सहित पारदर्शी एवं जिम्मेदार व्यापारिक व्यवस्था के आधार पर निर्मित किया गया है, जो भारत ही नहीं बल्कि विश्व के किसी भी ई-कॉमर्स पोर्टल के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा।
कैट महामंत्री ने भारत ई मार्किट की विक्रेता ऑनबोर्डिंग ऐप के बारे में बताया कि इस पोर्टल पर ई-दुकान खोलने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मोबाइल ऐप के जरिए अपना पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण करते समय उन्हें एक ओटीपी प्राप्त होगा जिसे ऐप पर भरने के बाद बेहद जरूरी है तथा केवाईसी संपन्न हो जाने के बाद कोई भी व्यक्ति बेहद आसानी से अपनी ई-दुकान स्वयं बना सकता है, जिसमें भारत ई-मार्किट की टेक्निकल टीम उसकी सहायता करेगी और ई दुकान बन जाने के बाद पोर्टल पर कारोबार किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त भी पोर्टल में अनेक विशेषताएं होंगी जो संभवत: अभी तक विश्व के किसी भी ई-कॉमर्स पोर्टल पर नहीं होंगी।
इस अवसर पर जहां जहाँ कैट के दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों के बड़े व्यापारी नेता मौजूद थे, वहीँ व्यापार से जुड़े अन्य वर्ग जिसमें विशेष रूप से ट्रांसपोर्ट, किसान, लघु उद्योग, महिला उद्यमी, स्वयं उद्यमी, हॉकर्स तथा उपभोक्ताओं के राष्ट्रीय संगठनों के अनेक नेता भी शामिल रहे।


Leave a Reply