प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा फैसला: 12वीं की परीक्षाएं स्थगित और 10वीं की रद्द

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। केन्द्र की मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कोरोना के मद्देनजर और देश भर से उठ रही मांग को देखते हुए सरकार ने सीबीएसई बोर्ड की सेकेंड्री (10वीं) की परीक्षा रद्द कर दी है और सीनियर सेकेंड्री (12वीं) की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। इस फैसले के एलान से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, शिक्षा सचिव और सीबीएसई बोर्ड के अधिकारियों के साथ आज बुधवार को एक बैठक की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया।
उल्लेखनीय है कि केारोना महामारी के लगातार बढ़ते मामलों के बीच देश भर के स्टूडेंट्स पैरेट्स और टीचर्स के साथ- साथ विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, कई नेताओं और जन-प्रतिनिधियों द्वारा सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित या रद्द किये जाने की मांग की जा रही थी। शिक्षा मंत्री ने बताया है कि सीबीएसई बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं, जो कि 4 मई से 14 जून तक आयोजित होनी थीं, को फिलहाल टाल दिया गया है। इन परीक्षाओं के लिए नई डेटशीट बाद में जारी की जाएगी। हालांकि, इन परीक्षाओं के आयोजन के लिए स्थिति का मूल्यांकन 1 जून 2021 को किया जाएगा। साथ ही, परीक्षार्थियों को तैयारी के लिए कम से कम 15 दिन का समय दिया जाएगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*