राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। इकोटेक-3 स्थित आईटीआई परिसर में महिला उन्नति संस्था (भारत) द्वारा बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर की 130वीं जयंती पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय था- ‘बाबा साहेब-आधुनिक भारत के निर्माता।’ इस अवसर पर संस्था के महासचिव अनिल भाटी ने बाबा साहेब के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि भारतीय संविधान का निर्माण कर बाबा साहेब ने देश को विश्व के सबसे मजबूत लोकतंत्र की श्रेणी में खड़ा किया है। इसमें उन्होंने जनता को सर्वशक्तिमान घोषित किया। साथ ही लोगों को स्वतंत्रता, समानता और शिक्षा जैसे अधिकार देकर उनके उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया है।
बुधवार, 14 अप्रैल को आयोजित संगोष्ठी में भाटी ने कहा कि कानून मंत्री के रूप में बाबा साहेब के द्वारा हिन्दू कोड बिल लागू कर महिलाओं की स्थिति में हुए अभूतपूर्व सुधारों को कौन भुला सकता है। उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज भारत की एकता ने विश्व में अपनी एक विशिष्ट पहचान बना ली है।
संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा ने भारत रत्न बाबा साहेब को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने शोषित और दबे-कुचले लोगों के उत्थान के लिए जीवन भर संघर्ष किया। उनके द्वारा दिया गया ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का प्रेरक नारा क्रान्तिकारी नारा बन गया। आज बाबा साहेब एक महानायक के रूप् में सभी के सामने हैं, जिन्हें पूरा विश्व नमन कर रहा है। इस अवसर पर मनोज झा, गीता भाटी, रणवीर चौधरी, जहीर सैफी, नरेश कुमार आदि ने बाबा साहेब को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


Leave a Reply