राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। महिला उन्नति संस्था (भारत) की नोएडा महानगर इकाई द्वारा भंगेल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आज मंगलवार को नवरात्रि के प्रथम दिन जन्मी नवजात बच्चियों को प्रोत्साहन किट देकर उनका स्वागत किया गया। नोएडा महानगर अध्यक्ष स्वेता त्यागी ने कहा कि शास्त्रों में नारी को देवी स्वरूपा बताया गया है और नारी के कन्या स्वरूप का पूजन हम देवी दुर्गा के रूप में करते हैं, इसलिए संस्था द्वारा आज नवरात्रि के प्रथम दिन जन्मी नवजात बच्चियों को प्रोत्साहन किट देकर उनका स्वागत किया गया। इससे लोगों को एक सन्देश दिया जा रहा है कि बेटियां बोझ नहीं बल्कि ईश्वरीय वरदान हैं।
इस अवसर पर उपस्थित महिला कल्याण विभाग के जिला परिवीक्षा अधिकारी जितेन्द्र मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चियों के सशक्तीकरण हेतु चलाए गए मिशन शक्ति अभियान के प्रचार प्रसार के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग आवश्यक है। साथ ही बेटी जन्म को उत्सव के रूप में मनाने, बेटियों को शिक्षित करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह के जागरुकता कार्यक्रम होते रहने चाहिए। तभी लोगों की सोच में महिला एवं बच्चियों के प्रति बदलाव लाया जा सकता है। इस दौरान संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा, स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डाo यतेंद्र, रणवीर चौधरी, मनोज झा, वन्दना झा, चंचल त्यागी आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply