यूपी जिला पंचायत चुनाव: 75 में से 67 सीटों पर भाजपा ने लहराया परचम

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के नतीजे आ गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 75 में से 67 सीटों पर जीत हासिल हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष की 53 सीटों के लिए आज शनिवार को चुनाव हुए। जिन 53 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनने के लिए वोटिंग हुई, उनमें से एटा, संतकबीरनगर, आजमगढ़, बलिया, बागपत, जौनपुर और प्रतापगढ़ को छोड़कर सभी जिलों में बीजेपी के उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। जबकि विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवारों ने एटा, बलिया, संतकबीरनगर और आजमगढ़ में जीत हासिल की है। इसके अलावा जौनपुर में निर्दल, बागपत में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल के उम्मीदवार की जीत हुई है।
जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों को दिया:
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 22 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था, जिसमें 21 पर भाजपा और इटावा की सीट पर सपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। इस तरह 67 जिलों में भाजपा, पांच जिलों में सपा और 1-1 सीट पर जनसत्ता दल, राष्ट्रीय लोकदल और एक सीट पर निर्दलीय को जीत मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का श्रेय पीएम मोदी की लोक कल्याणकारी नीतियों को देते हुए कहा है कि यह प्रदेश में स्थापित सुशासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विजयी उम्मीदवारों को उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि आप सबकी यह जीत पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूती देगी।
जौनपुर में धनंजय की पत्नी दर्ज कराई जीत:
लखनऊ में भाजपा की आरती रावत को 14 वोट मिले और वो विजयी रहीं। जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) की निशी यादव 12 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। जौनपुर में बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी विजयी रही हैं। श्रीकला रेड्डी को 43 वोट मिले। भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरीं निर्दलीय प्रत्याशी नीलम सिंह 28 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। फर्रुखाबाद से भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार मोनिका यादव को जीत मिली है। हाथरस से भाजपा की सीमा उपाध्याय और मुलायम सिंह यादव के गढ़ मैनपुरी में भाजपा की ही अर्चना भदौरिया विजयी रहीं।
आरएलडी ने बागपत में लहराया परचम:
बागपत में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) उम्मीदवार को जीत मिली है। लखीमपुर खीरी से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश भार्गव विजयी रहे हैं। इसी तरह सोनभद्र में भाजपा की गठबंधन सहयोगी अपना दल की राधिका पटेल को विजयश्री मिली है। अलीगढ़ में भी भाजपा के उम्मीदवार को जीत मिली है। भाजपा के शीतल सिंह सिद्धार्थनगर में विजयी रहे हैं। एटा में सपा की रेखा यादव ने जीत दर्ज की।
कांग्रेस के गढ़ अमेठी में खिला कमल:
कांग्रेस का गढ़ रही अमेठी में भी कमल खिला है। भाजपा के टिकट पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में उतरे राजेश अग्रहरि विजयी रहे हैं। अग्रहरि को 36 में से 31 वोट मिले। सपा उम्मीदवार को महज चार वोट से ही संतोष करना पड़ा। प्रयागराज में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर वीके सिंह ने सीधे मुकाबले में सपा की मालती यादव को 18 वोट के अंतर से हरा दिया। डॉक्टर सिंह को 51 और मालती यादव को 33 वोट मिले हैं।
सपा उम्मीदवार की आंखों से निकले आंसू:
फिरोजाबाद के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में सपा की रुचि सिंह यादव को भाजपा की हर्षिता सिंह ने हरा दिया। हार के बाद सपा उम्मीदवार की आंखों से आंसू निकल आए। मीडिया से बात करते हुए भावुक हुईं सपा की रुचि ने शिकायती लहजे में कहा कि मेरी किसी अधिकारी ने एक नहीं सुनी। संभल में भाजपा की अनामिका यादव 22 वोट पाकर विजयी रहीं। सपा उम्मीदवार को 13 वोट मिले। देवरिया में भाजपा के गिरीश चंद तिवारी और कासगंज में निर्दलीय उम्मीदवार रत्नेश कश्यप विजयी रहे।
उन्नाव में भी भाजपा को मिली जीत:
महराजगंज में भाजपा के रविकांत पटेल ने 38 वोट पाकर सपा उम्मीदवार को 28 वोट के अंतर से हरा दिया। सपा उम्मीदवार को महज नौ वोट मिले। हरदोई में भाजपा उम्मीदवार ने 65 वोट पाकर सपा उम्मीदवार को 59 वोट के बड़े अंतर से हरा दिया। हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी जयंती राजपूत ने निषाद पार्टी के प्रत्याशी दुष्यंत सिंह को पांच वोट से हरा दिया। उन्नाव में भाजपा के शकुन सिंह विजयी रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*