यूपी के जाैनपुर में बरातियों की कार और ट्रक में भीषण टक्कर, एक ही गांव के 5 लोगों की मौत

सुधांशु श्रीवास्तव/राष्ट्रीय जनमोर्चा
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार की सुबह एक बड़ी दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा जलालपुर थाना इलाके के त्रिलोचन मकड़ा बाईपास के पास का है। मंगलवार की सुबह बारातियों से भरी एक ब्रेजा और एक ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दो सगे भाईयों समेत एक ही गांव के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर की हालत नाजुक है। उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दु:ख जताया है। उन्होंने अफसरों को राहत बचाव और घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है।
एसपी सिटी संजय कुमार ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के बांकी गांव निवासी ननकऊ सिंह (45) सोमवार की रात कार से चंदौली एक बारात में गए थे। उनके साथ गांव के हौसला प्रसाद (54), अनुग्रह प्रताप सिंह (17) और उसका भाई प्रभु देव (14) के अलावा छोटू सिंह (17) और राजवीर सिंह (18) भी थे। ये सभी लोग मंगलवार, 13 जुलाई की तड़के बांकी गांव लौट रहे थे। सुबह करीब छह बजे मकड़ा बाईपास के पास जौनपुर से वाराणसी की ओर जा रहे एक ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। कार में सिर्फ राजवीर जिंदा बचा, बाकी सभी की मौत हो गई। पुलिस ने घायल राजवीर को अस्पताल भिजवाया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*