संवाद सूत्र/राष्ट्रीय जनमोर्चा
दाहोद। गुजरात के दाहोद जिले से एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यह वही गुजरात है जो देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गृह प्रदेश है। यहीं के थाना धानपुर अंतर्गत खजूरी गांव में 6 जुलाई को एक पति ने कुछ लोगों के साथ मिलकर 23 वर्षीय पत्नी को निर्वस्त्र कर के कथित तौर पर घुमाया। इससे पहले उसके पति एवं गांव वालों ने उस महिला को बुरी तरह मारा-पीटा और फिर सजा देते हुए निर्वस्त्र कर घुमाया। उनका कहना था कि महिला का एक अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध है। फिलहाल बुधवार को पुलिस ने महिला के पति सहित अब तक 18 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
धानपुर थाना पुलिस के उप निरीक्षक बीएम पटेल के अनुसार घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रकाश में आया। मंगलवार, 13 जुलाई को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में पता चला है कि यह घटना 6 जुलाई को आदिवासी बहुल धानपुर तालुका के खजूरी गांव में हुई थी। वायरल वीडियो में पीड़ित महिला का पति और अन्य लोग उसे घसीटते, पिटाई करते और निर्वस्त्र कर घुमाते नजर आ रहे हैं। आरोपियों में अधिकतर महिला के रिश्तेदार हैं और उन्होंने गांव की अन्य महिलाओं और बच्चों के सामने इस घटना को अंजाम दिया। महिला को सजा के तौर पर उसके पति को कंधे पर उठाकर चलने के लिए भी मजबूर किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी व्यक्ति का छोड़ा नहीं जाएगा।


Leave a Reply