राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) ने केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया। यह व्यापक अभियान आम आदमी पर थोपी गई महंगाई, डीजल, पेट्रोल और गैस के दामों में बेतहाशा वृद्धि एवं नगर निगम गाजियाबाद द्वारा जिले की जनता पर थोपे गए बढ़े हुए हाउस टैक्स के खिलाफ चलाया जा रहा है। हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने गाजियाबाद के घूकना मोड़ से की। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार अनेक जनविरोधी नीतियाँ अपनाकर आम आदमी पर महंगाई का कोड़ा चला रही है।
श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण हर वह चीज जो आम आदमी के जीवन यापन के लिए आवश्यक है, महंगी होती जा रही है। रसोई गैस हो या डीजल-पेट्रोल। इन सभी के दामों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंदी है लेकिन केंद्र सरकार ने डीजल और पेट्रोल बहुत महंगे कर रखें हैं। इसका असर आम आदमी के सभी कार्यों पर पड़ता है और वे सभी वस्तुएं महंगी होती चली जाती हैं, इसीलिए जन जागरुकता हेतु सुभास पार्टी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है।
राष्ट्रीय संयोजक सत्येंद्र यादव ने इस अवसर पर कहा कि जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है, वहां दमनकारी नीतियां अपनाई जा रही हैं। गाजियाबाद के नगर निगम में भी भाजपा का प्रभुत्व है और कोरोना काल के मध्य ही हाउस टैक्स में 15 से लेकर 50 प्रतिशत तक की वृद्धि की जा रही है। इन्हीं बातों से पता चलता है कि यह सरकार जन विरोधी सरकार है। इन लोगों का सुभास पार्टी पर्दाफाश करके ही रहेगी। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान जनता के बीच जाकर जागृति लाएगी लोग भाजपा सरकार का असली चेहरा देख-समझ पाएंगे। वहीं क्षेत्रावासियों को संबोधित करते हुए साहिबाबाद विधनसभा प्रभारी सुजीत तिवारी ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान हम व्यापक स्तर पर चलाएंगे और जगह-जगह सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी पर जो महंगाई की मार पड़ रही है, इसका विरोध करेंगे और केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार को नींद से जगाने का कार्य करेंगे। हस्ताक्षर अभियान जनता की आवाज के रूप में केंद्र और प्रदेश सरकार तक अवश्य पहुंचेगा।
हस्ताक्षर अभियान में अनिल सिन्हा, विनोद अकेला, अनिल मिश्रा, मनोज होदिया, कृष्ण गर्ग, संदीप कुमार, सुनील यादव, राजीव शर्मा, संजय पासवान, सुभास ठाकुर, हरेन्द्र कुमार, प्रेम गुप्ता, भगतजी, राजेन्द्र शुक्ला, विनोद कुमार, सुनील कुमार, किशन गर्ग, गोरखनाथ, राजेश श्रीवास्तव, प्रवीन श्रीवास्तव आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Reply