राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। आईटीआई हबीबपुर में चलाए गए जेसीबी प्रशिक्षण कोर्स पूरा होने के बाद जेसीबी इंडिया लिमिटेड ने सात लड़कियों का चयन किया है। इस अवसर पर खुशी जताते हुए आईटीआई संचालक एवं महिला उन्नति संस्था की संरक्षक इंदू गोयल ने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का यह सराहनीय प्रयास है। साथ ही उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक एतिहासिक कदम बताया।
जेसीबी इंडिया लिमिटेड के अधिकारी आशीष गुप्ता ने बताया कि कम्पनी द्वारा 20 बच्चियों को 40 दिन का जेसीबी चलाने का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया गया, जिसे लड़कियों ने बेहद कुशलता से पूरा किया। कोर्स पूरा होने के उपरांत सात लड़कियों को कम्पनी द्वारा बल्लभगढ़ (हरियाणा) स्थित जेसीबी प्लांट के लिए चुना गया है। वहीं बच्चियों के चयन पर खुशी जताते हुए आईटीआई संचालक इंदू गोयल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा जब बेटियां जेसीबी चलाएंगी। हम सभी की यह पहल महिलाओं के लिए इस क्षेत्र में संभावनाओं के द्वार खोलेगा। श्रीमती गोयल ने जेसीबी इंडिया लिमिटेड पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि भविष्य में भी महिलाओं के लिए इस तरह के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
लड़कियों को जेसीबी चलाने का प्रशिक्षण दे रहे आईटीआई से जुड़े मनोज झा ने बताया कि संस्थान द्वारा पूर्व में भी लड़कों को जेसीबी चलाने का प्रशिक्षण दिया जाता रहा है। मगर सीखने की जो क्षमता और ललक लड़कियों में देखी जाती है, वह काबिलेतारीफ है। जिन लड़कियों ने कभी साइकिल तक नहीं चलाई, उन्होंने महज कुछ ही दिनों में जेसीबी चलाना सीख लिया। यह एक अच्छी शुरुआत है।


Leave a Reply