बिग बॉस विनर सिद्धार्थ का 40 की उम्र में निधन

मुंबई। टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता और बिग बॉस 13 विनर सिद्धार्थ शुक्ला का 40 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। लेकिन लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि सिद्धार्थ अब इस दुनिया में नहीं रहे। सिद्धार्थ शुक्ला को मैसिव हार्ट अटैक आने की बात कही जा रही है, हालांकि डॉक्टर का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण के बारे में आधिकारिक रूप से कहा जा सकता है। एक्टर को 11 बजे के करीब कूपर अस्पताल में लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सिद्धार्थ के निधन की खबर फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए बड़ा सदमा लेकर आई है। लेकिन सिद्धार्थ के निधन की खबर की पुष्टि मुंबई पुलिस ने की है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही सिद्धार्थ डांसिंग रिएलिटी शो ‘डांस दीवाने 3’ और ‘बिग बॉस ओटीटी’ में नज़र आए थे, जहां उन्होंने जमकर मस्ती की थी। दोनों ही शोज़ में सिद्धार्थ अपनी खास दोस्त शहनाज़ कौर गिल के साथ पहुंचे थे। ‘डांस दीवाने 3’ में माधुरी के साथ रोमांटिक डांस भी किया था। बिग बॉस ओटीटी में उन्होंने शहनाज़ के साथ रोमांटिक डांस किया था।
सिद्धार्थ सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले स्टार थे। शहनाज़ के साथ सिद्धार्थ की जोड़ी को लोग काफी पसंद करते थे। दो साल पहले जब सिद्धार्थ ने ‘बिग बॉस 13’ जीता था तो उस वक्त उनके लिए लोगों की दीवानगी का आलम यह था कि सिद्धार्थ गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले स्टार बन गए थे। खुद सिद्धार्थ भी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते थे और अक्सर ट्विटर के जरिए लोगों से बातचीत करते रहते थे। किसी को प्रोत्साहित करना हो या लताड़ लगानी हो, दोनों ही कामों में सिद्धार्थ कभी पीछे नहीं हटते थे लेकिन अब वह इस दुनिया में नहीं रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*