सुनीता शर्मा ने जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ शुरू किया अभियान

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सतवारी इलाके में लोगों को नशे से दूर रहने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी सुनीता शर्मा ने एक नई पहल की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान चलाने के लिए मंगलवार को स्थानीय पुलिस और नागरिकों के साथ मिलकर एक कार्यक्रम आयोजित किया और लोगों को नेश के विरोध में जागरूक किया। सुनीता शर्मा के इस जनहित कार्यक्रम को प्रदेश की सभी पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों के वार्डों में गठित यूथ क्लब ने अहम योगदान देने की घोषणा की है। जिससे उत्साहित होकर श्रीमती शर्मा ने कहा है कि वह जल्द ही प्रदेश में फर्जी तरीके से चल रहे नशा मुक्ति केंद्रों के खिलाफ भी अभियान चलाएंगी।
सुनीता शर्मा ने कहा कि नशे की लत आज हमारे समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुकी है। कुछ स्वार्थी तत्व युवाओं को इस जाल में फंसाने के लिए नशे की अंधी गलियों में धकेल रहे हैं। हम सभी को इस दलदल में फंसे हुए युवाओं को निकाल कर उन्हें मुख्य धारा से जोड़ने के लिए एकसाथ काम करना होगा। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के करीब 10 जिलों में तीन लाख युवा, 2.7 लाख महिलाएं तथा 500 से अधिक शैक्षिक संस्थाएं सरकार के नशा मुक्ति अभियान में लगे हैं लेकिन पूरी तरह से कामयाबी नहीं मिल रही है। हमें नशा मुक्ति अभियान को पहले मन से स्वीकार करना होगा, तभी हम कामयाब होंगे।
सुनीता शर्मा ने कहा कि यह हमारे सामाजिक ताने-बाने को तहस-नहस करने के साथ ही मानवता के लिए भी खतरा है। सरकार को चाहिए कि प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को और धार देने के लिए काम करे। वह उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करे ताकि एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। युवा विकास व प्रगति की प्रक्रिया के मुख्य चालक हैं। अगर यही नशे की लत में पड़कर तबाह हो गए तो हम समाज को कैसे विकसित कर पाएंगे। मंगलवार, 28 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोग और हल्का थाना सतवारी के एसएचओ गिलानी और सब इंस्पेक्टर रविन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*