राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
–250 नेत्र रोगियों ने उठाया नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा का लाभ
-120 लोगों को मुफ्त उपलब्ध कराए गए नजर के चश्में
-180 मरीजों को वितरित की गई नि:शुल्क दवा
नई दिल्ली। मां श्यामा देवी व देश की स्वतंत्रता के लिए शहीद हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की याद में आईपी एक्सटेंशन स्थित श्यामा सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल ने 26 जनवरी को फ्री आई ओपीडी का आयोजन किया। जिसका नेतृत्व सेंटर हेड डॉक्टर हेमेंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर 250 नेत्र रोगियों ने नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा का लाभ उठाया। साथ ही 120 लोगों को पास की नजर के मुफ्त चश्में दिए गए एवं आंख के 180 मरीजों को नि:शुल्क दवा प्रदान की गई।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित आई ओपीडी का शुभारम्भ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। साथ ही उन्होंने मां श्यामा देवी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस अवसर पर बताया कि श्यामा सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल की स्थापना 2015 में उनकी मां स्वर्गीय श्यामा देवी की स्मृति में की गई थी। यहां आधुनिक नेत्र चिकित्सा की व्यवस्था है और यह हॉस्पिटल सुगमता पूर्वक हर उस नेत्र रोगी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो धन के अभाव में बड़े अस्पतालों में नेत्र चिकित्सा से वंचित रहकर ज्योति खो बैठते हैं।
अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक इस हॉस्पिटल में 35 हजार से अधिक नेत्र रोगी चिकित्सा लाभ ले चुके हैं। इसके अलावा फ्री आई कैंप्स के द्वारा 50 हजार नेत्र रोगियों को नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा का लाभ दिया गया है। साथ ही हजारों नेत्र रोगियों को नि:शुल्क दवा व नजर के चश्मे भी प्रदान किए गए हैं।
श्यामा सुपर स्पेशलिटी आई हॉस्पिटल के सेंटर हेड डॉक्टर हेमेंद्र शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि 26 जनवरी को मुख्य नेत्र सर्जन डॉक्टर दीपक पंडित, डॉक्टर नैयर इम्तियाज अंसारी और उनकी टीम द्वारा नेत्र रोगियों का सफल परीक्षण कर चिकित्सा सेवा प्रदान की गई। इस अवसर पर हॉस्पिटल डायरेक्ट मनिंदर वर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर दीपक राजपूत, नव्या सिंह, शबाना खान, डी.सी. भाटी, प्रीति आर्य, रश्मि रावत, कुलदीप उज्जवल, श्रीपाल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply