जितेन्द्र बच्चन
राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो चीफ
नई दिल्ली। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान पर शुक्रवार को देश के कई शहरों में बवाल मच गया। जुमे की नमाज के बाद रांची, दिल्ली, हावड़ा, हैदराबाद, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के कई शहरों प्रयागराज, लखनऊ, सहारनपुर के अलावा देश के दूसरे शहरों में भी हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। पथराव हुआ है। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे हैं। रांची के मेन रोड पर हिंसक प्रदर्शन करती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। उपद्रवियों में शामिल एक की गोली लगने से मौत हुई है लेकिन पुलिस ने मौत की पुष्टी नहीं की है। अब वहां कर्फ्यू लगा दिया गया है। यूपी के सहारनपुर में 21 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रांची की बेकाबू भीड़ ने पुलिस को निशाना बनाया:
रांची के मेर रोड पर दुकानों और एक धार्मिक स्थल पर पत्थर फेंके। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगे आयी पुलिस को भी भागना पड़ा। इस पथराव में एसपी सिटी अंशुमन कुमार, डेली मार्केट थाना प्रभारी अवधेश ठाकुर, कोतवाली थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उपद्रवियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लगातार फायरिंग करनी पड़ रही है। स्थिति बेकाबू है। बवाल के दौरान उपद्रवियों को भी लगी गोली है। पथराव से दर्जनों लोग घायल हैं। सभी अस्पताल भेजे गए हैं। मौके पर रांची के सभी थानों के थानेदार और डीएसपी पहुंच गए हैं। पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल मंगवाया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे की सेवा बंद :
हावड़ा के अलुबेरिया के नरेंद्र मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। मौके पर कई लोग विरोध करते भी दिख रहे हैं। वहां रेल मार्ग भी प्रभावित हुआ है। खबर लिखने तक दक्षिण पूर्व रेलवे की सेवा बंद हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए सख्त निर्देश :
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विभिन्न शहरों में शुक्रवार, 10 जून को पथराव की घटनाओं के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।एसीएस (होम) अवनीश अवस्थी, कार्यवाहक डीजीपी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जैसे अधिकारी पुलिस मुख्यालय से स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
एक व्यक्ति की सज़ा पूरे मुल्क को नहीं दे सकते : नकवी
मुख्तार अब्बास नकवी ने देश में जारी बवाल पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि एक चीज मैं साफ कहना चाहता हूँ कि ये मुल्क हमारा भी है और उनका भी है। एक व्यक्ति की सज़ा आप पूरे मुल्क को देंगे क्या? देश के माहौल को ख़राब करने की कोशिश की जा रही है। कुछ लोग मोहरा बनके काम कर रहे हैं। भोलेभाले लोग को मोहरा बनाकर उनका इस्तेमाल किया जा रहा है। मेरी सभी से अपील है कि सभी धर्मों का सम्मान करें।


Leave a Reply