राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
– एक मार्च से निजी अस्पतालों में होगा कोरोना का टीकाकरण
नई दिल्ली। एक मार्च से देश में कोरोना वैक्सीनेशन (Covid-19 Vaccination) का दूसरा चरण शुरू होगा। कोरोना टीकाकरण के दूसरे चरण में सरकारी हेल्थ सेंटर्स के साथ-साथ निजी अस्पतालों को भी शामिल किया गया है। अब आपके पास अपनी पसंद के सेंटर पर टीका लगवाने का विकल्प होगा। पात्र लोगों का वैक्सीन लगवाने के लिए मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा, जिसके लिए उन्हें ऐसी आईडी साथ में लानी होगी जिसमें जन्म तिथि लिखी हो। आधार कार्ड के साथ ही मतदाता पहचान पत्र या अन्य आईडी से वैक्सीन लगाई जाएगी।
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने कोरोना वैक्सीन की एक डोज की कीमत 250 रुपये तय कर दी है। दोनों डोज को मिलाकर इसकी कीमत 500 रुपये हो जाती है। यह कीमत निजी अस्पताल में लगाई जा रही वैक्सीन के लिए तय की गई है। जो कि 60 साल से ज्यादा के बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 45 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को लगेगा।सरकार जल्द ही वैक्सीन की कीमत को लेकर एलान कर सकती है।
इन राज्यों में फिर बढ़ने लगे कोरोना के मरीज:
शुक्रवार को देश में 16,488 नए मामले 113 मौतें हुईं थीं। महाराष्ट्र में 8,333 नए मामले सामने आए। केरल में 3,671, पंजाब में 622 मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना सक्रिय मामले 1.56 लाख हो गए हैं।


Leave a Reply