ग्रेटर नोएडा की आरती रावत को ‘स्त्री शक्ति सम्मान’ से नवाजा

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। कांस्टीट्यूशन क्लब में गंतव्य संस्थान द्वारा 25वां स्त्री शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सुपुत्र व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुनील शास्त्री, दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंगत राम, लोकसभा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा गुप्ता ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें योग शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए ग्रेटर नोएडा की आरती रावत को भी ‘स्त्री शक्ति सम्मान’ से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री सुनील शास्त्री के करकमलों द्वारा प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुनील शास्त्री ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं की समाज में भूमिका जितनी दिखती है, उससे कहीं ज्यादा होती है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपने जीवन में जो भी देश और समाज के लिए किया, उसमें मेरी मां की भी बड़ी भूमिका रही। शास्त्री के अलावा कार्यक्रम में दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंगत राम, लोकसभा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की पत्नी शोभा गुप्ता भी मौजूद रहे। इन सभी ने संस्था की तरफ से अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाली विभूतियों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कला, साहित्य, समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पत्रकारिता जगत में काम कर रही महिलाएं शामिल रहीं। गंतव्य संस्थान के संस्थापक डॉ. अरविंद त्यागी ने अतिथियों के प्रति आभार जताया है। मंच संचालन कवि आशीष श्रीवास्तव ने किया। ‘स्त्री शक्ति सम्मान’ से सम्मानित आरती रावत ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और जज्बे के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*