राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
-मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल एवं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा होंगे आमंत्रित
छपरा। कायस्थ परिवार की कार्यसमिति ने देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती इस बार तीन दिन पहले 30 नवंबर को मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल एवं समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र बच्चन और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा, भाजपा के आईटी सेल के प्रांतीय अध्यक्ष मनीष सिन्हा, कुम्हरार, पटना के भाजपा विधायक अरुण कुमार सिन्हा, विधायक रश्मि वर्मा सहित अन्य कई प्रमुख व्यक्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी मुख्य संयोजक डॉ. अभिजीत श्रीवास्तव एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव को दी गई है।
रविवार, 31 अगस्त को कायस्थ परिवार के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा उर्फ मिंटू के भगवान बाजार स्थित आवासीय परिसर के सभागार में एक बैठक की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती समारोह तीन दिन पहले आयोजित किया जाएगा। कायस्थ परिवार के उपाध्यक्ष एवं इस कार्यक्रम के पूर्व से घोषित अध्यक्ष कमल किशोर सहाय की अध्यक्षता में सम्पन्न बैठक की विस्तृत जानकारी एवं इसके औचित्य पर प्रकाश डालते हुए महासचिव अजय सहाय ने कहा कि कुछ ही दिनों में आयोजन स्थल का चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह के प्रथम सत्र में आगंतुक अतिथियों का उद्बोधन एवं द्वितीय सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी ऐतिहासिक होगा समारोह :
महासचिव श्री सहाय ने बताया कि सभी आगंतुक अतिथियों को संस्था द्वारा डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र के साथ भव्य मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं बुक्के देकर सम्मानित किया जाएगा। जबकि कार्यक्रम के अध्यक्ष कमल किशोर सहाय ने अपने ज्ञान एवं अनुभवों को शेयर करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी ऐतिहासिक होगा।
संचालन मुख्य संयोजक डॉ. अभिजीत श्रीवास्तव करेंगे :
संस्था के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा उर्फ मिंटू के अनुसार, करीब चार घंटे तक चलने वाले समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कई चित्रांश कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। संस्था के सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के संयोजक रूपेश नंदन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक अभिषेक अरुण को सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने एवं संचालन की जवाबदेही मुख्य संयोजक डॉ. अभिजीत श्रीवास्तव को दी गई। साथ ही कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा ने भी कई बिंदुओं को रेखांकित किया।
सफलता के लिए पूरी टीम सजग एवं संवेदनशील :
युवा चित्रांश प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिए मेरी टीम सजग एवं संवेदनशील रहेगी। बैठक में कई सदस्यों के अलावा युवा चित्रांश सागर कुमार श्रीवास्तव, अंकुर सिन्हा आदि उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा उर्फ मिंटू ने किया और बैठक में आने के लिए सभी के प्रति आभार जताया है।


Leave a Reply