ABKM प्रदेश की सभी स्नातक सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी: डा. इंद्रसेन

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा आगामी स्नातक चुनाव में सभी सीटों पर अपना और अपने समाज से प्रत्याशी खड़ा करेगी। यह घोषणा महासभा के उ.प्र. अध्यक्ष डा. इंद्रसेन श्रीवास्तव ने रविवार को यहां की। वह इंदिरा नगर में आयोजित ‘वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कायस्थ समाज की भूमिका’ विषय पर एक संगोष्ठी में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्नातक चुनाव हमारे समाज के लोगों के लिए सबसे अच्छा अवसर है, इसलिए हमने यह निर्णय लिया है कि प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले स्नातक की सभी 6 सीटों पर अपने समाज का प्रत्याशी खड़ा करेंगे। डॉ. श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी के रूप में अगर कोई अपना प्रत्याशी होगा तो वहाँ उसके समर्थन पर विचार करेंगे। इसी क्रम में लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुनील श्रीवास्तव को प्रत्याशी बनाये जाने की जानकारी देते हुए समाज के सभी संगठनों से उनका समर्थन करने की अपील की गई। शेष सीटों पर शीघ्र ही प्रत्याशी घोषित किये जाने की प्रक्रिया प्रगति पर है।
डा. इंद्रसेन श्रीवास्तव ने महासभा की कोर कमेटी की बैठक में प्राप्त सूचना का जिक्र करते हुए बताया कि अब नकली नहीं चलेगा, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (5680) जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय हैं, का नेतृत्व ही विधि मान्य है। उन्होंने इस नाम/ पंजीयन का प्रयोग कर रहे अन्य संस्थाओं के लोगों से मुख्य धारा के साथ आकर समाज के विकास में योगदान देने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी शेखर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर संजीव वर्मा, रमेश श्रीवास्तव, दिनेश खरे, सुधीर श्रीवास्तव, मनोज सक्सेना, आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, विक्रम श्रीवास्तव, रंजन श्रीवास्तव, मुनेन्द्र श्रीवास्तव, रज्जन लाल, आमोद श्रीवास्तव, राम प्रकाश श्रीवास्तव, मोहित प्रकाश श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*