गांधी-शास्त्री जयंती पर अभाविप ने चलाया स्वच्छता अभियान

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
छपरा सदर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा 2 अक्टूबर को राजेंद्र कॉलेज, छपरा में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा की साफ-सफाई कर उसे जल से धोया गया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके साथ ही राजेंद्र उद्यान एवं कॉलेज परिसर में व्यापक साफ-सफाई कर स्वच्छता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।
नगर उपाध्यक्ष डॉ नीतू सिंह और डॉ प्रत्यूष सिंह ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों और आदर्शों को अपने आचरण में उतारना है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग माना, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे अवसरों पर सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर विद्यार्थी परिषद ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थी परिषद ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कॉलेज, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए निरंतर प्रयास करें। स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाया जाए, ताकि महापुरुषों के स्वच्छ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के सपने को साकार करने में सभी अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष डॉ. नीतू सिंह, डॉ. प्रत्यूष सिंह, डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. बिएस साहू, डॉ. तनु गुप्ता, विभाग छात्र प्रमुख अदिति कुमारी, उप महापौर पति और समाजसेवी धर्मनाथ पिंटू, नगर सह मंत्री रंकित कुमार, ऋतिक कुमार, शिवम संयोजक राकेश शर्मा, संयोजक रवि सिंह राणा, आयुष कुमार, शशि कुमार, लक्की कुमारी, खुशी कुमारी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*