राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी को पिछले दो-तीन दिन से हल्का बुखार आ रहा था। लक्षण महसूस होने पर उन्होंने कोरोना वायरस संक्रमण की जांच कराई तो वह संक्रमित पाए गए। इसके बाद उन्होंने डॉक्टर की सलाह पर खुद को घर में आइसोलेट कर लिया है।
मनोज तिवारी ने रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ट्वीट कर पिछले तीन दिन में संपर्क में आने वाले लोगों से जांच कराने का आग्रह किया है। इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मनोज तिवारी ने कहा है- ‘मैंने पिछले 2-3 दिन से हल्का बुखार महसूस किया तो आज टेस्ट कराया। मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। पिछले 2-3 दिनों में जो भी हमसे सम्पर्क में आये हैं, वे अपना टेस्ट करा लें… मैं डॉक्टर के सम्पर्क में रहते हुए घर में ही हूं।’


Leave a Reply