जितेन्द्र बच्चन
नई दिल्ली। आखिरकार अमृतपाल पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। वह खालिस्तान समर्थक और ‘वारिस पंजाब दे’ का चीफ है। आज सुबह-सुबह मोगा पुलिस ने उसे रोडे गांव गुरुद्वारा से धरदबोचा। अमृतपाल और उसके कई साथियों के खिलाफ एनएसए लगाया गया है।
पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि रविवार की सुबह पौने सात बजे अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय जनमोर्चा से कहा, “हमें इंटेलिजेंस मिला था कि वह गुरुद्वारा के अंदर मौजूद है, जिसके बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन में हमने पूरे गांव को घेर लिया था। पुलिस ने गुरुद्वारे की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।”
निहंग के वेश में मिला :
अमृतपाल सिंह गुरुद्वारे के बाहर खड़ा हुआ था। उसने निहंग का वेश धारण कर रखा था। ऑरेंज कलर की पगड़ी पहनी हुई थी और कमर में कृपाण लटकाए हुए था। पैर में जूता-चप्पल नहीं था। अमृतपाल का यह एक और रूप देखने को मिला। इससे पहले वह कई वेश-भूषा धारण कर पुलिस को चकमा देता रहा है लेकिन 36 दिन से पंजाब पुलिस उसके पीछे लगी रही। आखिरकार 23 अप्रैल को पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। उसके साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर असम की डिब्रूगढ़ जेल में भेज चुकी है।
18 मार्च से चल रहा था फरार :
कुछ लोगों का कहना है कि अमृतपाल सिंह ने मोगा पुलिस के सामने शनिवार की देर रात सरेंडर किया है, लेकिन पंजाब पुलिस का दावा है कि अमृतपाल को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी से पहले अमृतपाल गुरुद्वारे में प्रवचन दे रहा था। वह यहां अपने समर्थकों की भीड़ के साथ सरेंडर करना चाहता था। उसने अपने एक समर्थक की रिहाई के लिए 23 फरवरी को पंजाब के अजनाला थाने पर हमला किया था। 18 मार्च को पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी की थी, लेकिन वह फरार हो गया था।
पंजाब पुलिस ने की शांति की अपील :
तीन दिन पहले 20 अप्रैल को अमृतपाल की एनआरआई पत्नी किरणदीप कौर को अमृतसर एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने रोक लिया था। वह लंदन जा रही थी। श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किरणदीप से 3 घंटे तक पूछताछ चली। इसके बाद किरणदीप को छोड़ दिया गया लेकिन अमृतपाल सिंह अब पुलिस के शिकंजे में फंस चुका है। खबर लिखने तक पुलिस उसे बठिंडा एयरपोर्ट से स्पेशल प्लेन में असम के डिब्रूगढ़ के लिए निकल चुकी थी। साथ ही पंजाब पुलिस ने ट्वीट कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


Leave a Reply