सुशील कुमार शर्मा / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गौतम बुद्धनगर। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो प्रोजेक्ट प्रस्ताव नामंजूर होने पर स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और 30 से ज़्यादा सोसायटियों के निवासियों ने एकमूर्ति पर जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि वोट मांगने आने वाले नेताओं को हमारी फिक्र नहीं है। मेट्रो का प्लान बनता है और रद्द होता है, आखिर ऐसा कब तक होता रहेगा?
नेफ़ोवा अध्यक्ष अभिषेक कुमार का कहना है कि मनमानी की भी हद है। इतना सौतेलापन किसी इलाके के साथ नहीं हुआ होगा। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर इस निर्णय के विरोध में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मिलकर मेट्रो की मांग पूरी मज़बूती से की जाएगी।
मेट्रो के लिए आंदोलन कर रहे लोगों में अहम भूमिका निभा रहे मिहिर गौतम ने कहा कि नेताओं पर भरोसा करने का कोई फ़ायदा नहीं हुआ है। दस साल से ज़्यादा वक्त से मेट्रो का झुनझुना दिया जा रहा है लेकिन हर बार कोई न कोई बहाना बना दिया जाता है। उन्होंने कहा है कि अब जनता सबकुछ समझ चुकी है और अपने अधिकारों की लड़ाई शांतिपूर्ण तरीके से लड़ रही है।
प्रदर्शन में सीवी सिंह, परमेश्वर दुबे, दीपांकर कुमार, सुधांशु, नीरज श्रीवास्तव, शिव, डॉ सुशील, समीर, ज्योति जायसवाल, मयंका, विकास कुमार, विनीत, शैलेश, रोहन भगत, रवींद्र सिन्हा, एसपी कुलश्रेष्ठ, आरसी भट्ट, संदीप द्विवेदी, एल डी शर्मा, सौरभ, गौरव, शैलेश, अखिलेश, बिपिन, संतोष, प्रभास, आशीष श्रीवास्तव, आरएस राय, आशीष त्यागी आदि सैंकड़ों लोग शामिल रहे। सभी ने एकजुट होकर कहा कि हम राजनेताओं से निराश हैं। लेकिन हमारी एकजुटता उनके झूठे वादों का जवाब है। हम मेट्रो सहित तमाम बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करते रहेंगे।


Leave a Reply