राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
हैदराबाद। तलंगाना विधानसभा चुनाव के रण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचते ही शनिवार को उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा। तमाम लोगों ने भगवा लहराया और योगी-योगी के नारे से पूरा वातावरण गूंज उठा। खुद योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया तो केसीआर, कांग्रेस, एमआईएम व बसपा उनके निशाने पर रही। बीआरएस का मतलब उन्होंने भ्रष्टाचार रिश्वतखोरी समिति बताया और बसपा को वोटकटवा कहा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में मुस्लिम आरक्षण संविधान विरोधी है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आएगी तो इसे समाप्त कर दिया जाएगा। केसीआर ने सिर्फ छलावा किया है। सत्ता में आने पर वे निल्लू (जल), निधुलू ( पैसा) व नियामाकालु (रोजगार) के वायदों को भी भूल गए। कांग्रेस ने इसे हैदराबाद बनाया, हम भाग्यनगर बनाने आए हैं।
तीन लाख करोड़ रुपये के कर्ज में फंसा है तेलंगाना :
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वेमुलावाड़ा में भाजपा प्रत्याशी डॉ. विकास राव के पक्ष में वोट मांगा। यहां उन्होंने वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यपाल विद्यासागर राव की भी चर्चा की। योगी ने कहा कि तेलंगाना जब बना था तो यह रेवेन्यू सरप्लस राज्य था। आज तेलंगाना तीन लाख करोड़ रुपये के कर्ज में है। बीआरएस किसानों, नौजवानों व महिलाओं के साथ धोखा कर रही है। पानी अवैध धन का स्रोत बन गया है। सरकार की गलत नीतियों के साथ युवा कर्ज के बोझ से दबा है।
सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब :
घोषामहाल की सड़कों पर शनिवार की शाम तिल रखने की जगह नहीं थी। हर घर की बालकनी और खिड़कियों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम की गूंज और पुष्पवर्षा हो रही थी। एक ओर सड़कों पर बुलडोजर पर खड़ीं मातृशक्ति पलक पांवड़े बिछाकर उनकी एक झलक पाने को बेताब थीं तो दूसरी ओर योगी का जादू युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा था। चुनाव तेलंगाना का है और गीत बज रहे थे-यूपी में फिर से हम भगवा लहराएंगे। यह रोड शो देख विपक्षी भी समझ गए होंगे कि आखिर यूपी का यह शेर क्यों हर किसी की पसंद है।
स्वागत से अभिभूत योगी :
विधायक टी. राजा के समर्थन में पहुंचे योगी आदित्यनाथ का मोबाइल के कैमरों की जलती लाइट के बीच अभूतपूर्व स्वागत किया गया। यह नजारा ऐसा था, जिसे देख हर जुबां बोल उठी- भारत मां के लाल का स्वागत है भाई! स्वागत है। गोरक्षपीठाधीश्वर व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषामहाल से भाजपा उम्मीदवार टी. राजा सिंह के पक्ष में जनसमर्थन की अपील की। स्वागत से अभिभूत योगी आदित्यनाथ बोले- आपका जज्बा ही हैदराबाद को भाग्यनगर बनाएगा।


Leave a Reply